पूसीरे ने स्वच्छता ही सेवा 2026 के तहत मनाया गांधी जयंती
गुवाहाटी, 02 अक्तूबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत; थीम के तहत चल रहे स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के तहत गांधी जयंती समारोह और स्वच्छ भारत दिवस के गतिविधियों की शुरुआत की। इस मौके पर पूसीरे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने मालीगांव स्थित महाप्रबंधक कार्यालय परिसर में वरिष्ठ रेल अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ दीप प्रज्वलित किया और महात्मा गांधी की तस्वीर पर श्रद्धासुमन अर्पित की। कार्यक्रम में स्वच्छता के बारे में महात्मा गांधी के सदाबहार संदेश और एक बेहतर स्वच्छ, स्वस्थ और स्थायी पर्यावरण बनाने में सामूहिक भागीदारी के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
गांधी जयंती समारोह के दौरान महाप्रबंधक श्रीवास्तव ने रेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और रेल कर्मचारियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण पहलों की शुरूआत की। इनमें पांडु स्थित स्पेशलाइज्ड ट्रेनिंग सेंटर में इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग ट्रेनिंग सुविधा का उद्घाटन और पौधारोपण कार्यक्रम के साथ गौशाला मॉडल स्टॉफ कॉलोनी का उद्घाटन शामिल है। ये पहल ट्रेनिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ाने, कर्मचारियों की सुविधाओं में सुधार करने और सतत विकास को बढ़ावा देने पर एनएफआर के निरंतर फोकस को दर्शाती हैं।
पूसीरे (निर्माण संगठन) ने भी गांधी जयंती समारोह का आयोजन किया। पूसीरे (निर्माण संगठन) के महाप्रबंधक आशीष बंसल ने वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में दीप प्रज्वलित कर महात्मा गांधी की तस्वीर पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। निर्माण संगठन के अधीन विभिन्न कार्यालयों और परियोजना स्थलों पर भी इसी तरह की गतिविधियां आयोजित की गयी। इस आयोजन में पौधारोपण अभियान और रेल परिसर में स्वच्छता एवं साफ-सफाई बनाए रखने में सफाई मित्रों के बहुमूल्य योगदान के लिए उन्हें पुरस्कार सहित प्रमाण पत्र प्रदान करना भी शामिल था।
पूसीरे कई तरह की गतिविधियां आयोजित कर रहा है, जिनमें रेलवे स्टेशनों, पटरियों, रेलवे कॉलोनियों और कार्यालय परिसरों में बड़े पैमाने पर स्वच्छता अभियान, यात्रियों और स्थानीय समुदायों के लिए जागरूकता अभियान, रेल कर्मचारियों के लिए इंटरैक्टिव सत्र और कार्यशालाएं, स्वच्छता की शपथ और बेकार हो चुके सामान को चिन्हित, पृथक और सही तरीके से निपटान के लिए विशेष पहल शामिल हैं। इन गतिविधियों का उद्देश्य अवशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा देना, स्वच्छता के तरीकों को मजबूत करना और लोगों की निरंतर भागीदारी को प्रोत्साहित करना है।
अपने मुख्यालय, सभी पांच मंडलों और निर्माण संगठन के सामूहिक प्रयासों से, पूसीरे इस बात पर ज़ोर दे रहा है कि साफ़-सफ़ाई सभी की सांझा ज़िम्मेदारी है। स्वच्छ भारत दिवस का आयोजन महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के विजन की याद दिलाता है और निरंतर लोगों की भागीदारी एवं सामूहिक प्रयासों से अधिक साफ़-सुथरा, हरा-भरा और स्थायी रेल माहौल को बढ़ावा देने के पूसीरे के संकल्प को पुनः मजबूत करता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

