home page

पूसीरे के लामडिंग मंडल ने खाद्य सुरक्षा मानकों में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की

 | 
पूसीरे के लामडिंग मंडल ने खाद्य सुरक्षा मानकों में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की


गुवाहाटी, 29 अप्रैल (हि.स.)। यात्रियों के लिए सुरक्षित और साफ़-सुथरा आहार सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि के तहत, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के लामडिंग मंडल के अधीन लामडिंग मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के भोजनालय सहित 10 रेलवे स्टेशनों को भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) द्वारा प्रतिष्ठित “इट राइट स्टेशन” प्रमाणन मिला है। यह प्रमाणन एफएसएसएआई के दिशानिर्देशों के अनुसार, 30 मार्च 2026 से 29 मार्च 2028 तक की अवधि के लिए यह प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया है।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया है कि लामडिंग के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के भोजनालय समेत सिलचर (कछार जिला), करीमगंज (श्रीभूमि जिला), न्यू हाफलंग (डिमा हसाओ जिला), डिफू (कार्बी आंगलोंग जिला), लामडिंग और लंका (होजाई जिला), चापरमुख (नगांव जिला), जागीरोड (मोरीगांव जिला) और सरुपथार (गोलाघाट जिला) रेलवे स्टेशनों को यह प्रमाणन मिला है।

यह मान्यता इन स्थानों पर फ़ूड स्टॉल, केटरिंग यूनिट और फ़ूड हैंडलर के विस्तृत ऑडिट के बाद दी गई है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि खाद्य सुरक्षा के कड़े मानकों का पालन, साफ़-सुथरा माहौल में आहार तैयार होना, स्टोरेज के सुरक्षित तरीके, अपशिष्ट का बेहतर प्रबंधन और यात्रियों के लिए पौष्टिक खाने के विकल्प मौजूद हैं।

यह उपलब्धि रेल अधिकारियों, स्वास्थ्य निरीक्षकों, कैटरिंग इकाइयों, अधिकृत विक्रेताओं और स्टेशन प्रबंधन टीमों के बीच स्वच्छता और खाद्यसुरक्षा के उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए किए गए समर्पित प्रयासों और आपसी तालमेल को दर्शाती है।

“इट राइट स्टेशन” प्रमाणन, एफएसएसएआई की प्रमुख पहल “इट राइट इंडिया” का एक हिस्सा है, जिसका उद्देश्य पूरे देश में सुरक्षित, स्वस्थ और बेहतर खाद्य सेवाओं को बढ़ावा देना है। पूसीरे, यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने और अपने पूरे नेटवर्क में गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और स्वच्छ भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को प्रतिबद्ध है।

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय