home page

वित्त वर्ष 2025-26: पूसीरे का माल परिवहन में शानदार प्रदर्शन

 | 
वित्त वर्ष 2025-26: पूसीरे का माल परिवहन में शानदार प्रदर्शन


गुवाहाटी, 02 अप्रैल (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने बीते वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान माल परिवहन में शानदार प्रदर्शन किया है, जो पूर्वोत्तर क्षेत्र में आर्थिक विकास को बढ़ावा देने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करता है। बेहतर बुनियादी ढांचे, टर्मिनल प्रबंधन और स्टेकधारकों के साथ घनिष्ठ समन्वय का लाभ उठाते हुए एनएफआर ने खाद्यान्न, उर्वरक, कोयला, सीमेंट और पेट्रोलियम उत्पादों जैसी प्रमुख वस्तुओं का कुशल और समय पर परिवहन सुनिश्चित किया।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने गुरुवार काे बताया है कि इस जोन ने लोडिंग की क्षमता और टर्नअराउंड समय को बेहतर बनाने पर ध्यान केंद्रित किया, जिसके परिणामस्वरूप माल परिवहन में वृद्धि हुई और संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सका। ग्राहक-केंद्रित पहलों पर विशेष जोर दिया गया, जिनमें बुकिंग प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित, रियल-टाइम ट्रैकिंग और माल ढुलाई टर्मिनलों को विकसित करना शामिल था। इन प्रयासों से नए सामग्रियों के परिवहन को आकर्षित करने और उद्योगों के साथ मौजूदा साझेदारियों को मज़बूत बनाने में मदद मिली है।

पूसीरे ने वित्त वर्ष 2025-26 में कुल 11.4 मिलियन टन (एमटी) की माल लोडिंग की, जो वित्त वर्ष 2024-25 की तुलना में 6 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है। यह निरंतर वृद्धि, लॉजिस्टिक्स दक्षता में सुधार और माल परिवहन की क्षमता को बढ़ाने पर ज़ोन के सतत फोकस को उजागर करती है। विभिन्न वस्तुओं में, पेट्रोलियम ऑयल और लुब्रिकेंट्स (पीओएल) ने अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया, जिसके तहत उक्त वर्ष के दौरान 1,488 रेक लोड किए गए। सीमेंट, स्टोन चिप्स, डोलोमाइट और बैम्बू चिप्स जैसी अन्य प्रमुख सामग्रियों में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई, जिससे माल परिवहन की समग्र वृद्धि को गति मिली।

माल परिवहन के संचालन में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला। वित्तीय वर्ष 2024–25 में मालगाड़ियों के कुल 12,346 रैक अनलोड किए गए, जो वित्तीय वर्ष 2025-26 में 688 रैक बढ़कर 13,034 रैक हो गया। यह बढ़ोतरी बेहतर टर्मिनल उत्पादकता और मंडलों में बेहतर तालमेल को प्रदर्शित करता है। इसके अलावा, मुख्य सामग्रियों के अनलोडिंग के प्रदर्शन में भी अच्छे नतीजे देखने को मिले। ऑटोमोबाइल परिवहन में 22 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, जबकि सीमेंट अनलोडिंग में 18 प्रतिशत का इज़ाफ़ा हुआ। स्टोन चिप्स, खाद्यान्न (एफसीआई) और उर्वरक के क्षेत्र में भी बढ़ोतरी के अच्छे रुझान देखने को मिले।

टर्मिनल स्तर पर, कई स्टेशनों ने अनलोडिंग गतिविधियों में मजबूत प्रदर्शन किया। बाईहाटा 24 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला स्टेशन बना। इसके बाद चांगसारी और स्टार टर्मिनल रहे, जिनमें से प्रत्येक ने 18 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की। आजरा और जिराणीया जैसे टर्मिनलों में भी लगातार सुधार दिखा। इस गतिविधियों से जोन का लॉजिस्टिक्स नेटवर्क और अधिक मज़बूत हुआ है।

वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान पूसीरे का समग्र प्रदर्शन, परिचालन उत्कृष्टता, बुनियादी ढांचे के विकास और ग्राहक-केंद्रित पहलों के प्रति इसकी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। प्रमुख माल सामग्रियों और टर्मिनलों में लगातार बनी गति के साथ, पूसीरे पूर्वोत्तर क्षेत्र में आर्थिक विकास को बढ़ावा देने और आने वाले वर्षों में माल परिवहन के प्रदर्शन को और अधिक बेहतर बनाने के लिए अपने माल परिवहन के क्षमताओं को बढ़ाने पर जोर दे रही है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय