home page

पूसीरे ने ग्राहक अनुकूल पहलों के साथ माल परिवहन सेवाओं को दी गति

 | 
पूसीरे ने ग्राहक अनुकूल पहलों के साथ माल परिवहन सेवाओं को दी गति


गुवाहाटी, 24 जुलाई (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने माल ढुलाई सेवाओं को अधिक तेज, कुशल और ग्राहक-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से कई नई पहलें शुरू की हैं। इन उपायों का लक्ष्य माल परिवहन की प्रक्रिया को सरल बनाते हुए माल ढुलाई राजस्व में वृद्धि करना और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है।

पूसीरे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) कपिंजल किशोर शर्मा ने शुक्रवार को बताया कि पार्सल हैंडलिंग सुविधाओं के विस्तार के तहत लामडिंग मंडल के अधीन नारंगी स्टेशन पर 10 जून, 2026 से आवक एवं जावक दोनों प्रकार के लीज्ड पार्सलों की बुकिंग और हैंडलिंग शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही सीट-कम-लगेज रेक (एसएलआर), पार्सल वैन में पार्सल स्पेस की अग्रिम बुकिंग तथा इंडेंटेड पार्सल ट्रैफिक की सुविधा भी उपलब्ध करा दी गई है। इससे ग्राहकों को पार्सल भेजने और प्राप्त करने में अधिक सुविधा मिलेगी तथा माल परिवहन की प्रक्रिया पहले से अधिक सुव्यवस्थित होगी।

उन्होंने बताया कि माल परिवहन संचालन को और प्रभावी बनाने के लिए कटिहार मंडल के बालुरघाट-हिली सेक्शन पर नव निर्मित ब्रॉडगेज स्टेशनों के लिए 23 जून, 2026 से प्रभार्य अंतर-दूरी (चार्जेबल इंटर-डिस्टेंस) को मंजूरी दे दी गई है। इस निर्णय से इस रेलखंड पर मालगाड़ियों का संचालन सुचारु होगा और माल की आवाजाही में तेजी आएगी।

सीपीआरओ ने बताया कि पूसीरे के विभिन्न मंडलों ने हाल के दिनों में माल लोडिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। अलीपुरद्वार मंडल ने मक्का के छह रैक (252 वैगन) लोड कर 4.22 करोड़ रुपये का माल ढुलाई राजस्व अर्जित किया। वहीं कटिहार मंडल ने मक्का के 39 रैक लोड कर 23.53 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त किया।

लामडिंग मंडल ने भी विभिन्न वस्तुओं की ढुलाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मंडल ने स्टोन चिप्स के 1,712 वैगन बुक कर 6.97 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया। इसके अलावा सीमेंट के 2,420 वैगन की लोडिंग से 9.89 करोड़ रुपये तथा पेट्रोलियम, तेल एवं लुब्रिकेंट्स (पीओएल) के 444 वैगन की ढुलाई से 4.08 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

कपिंजल किशोर शर्मा ने कहा कि ये सभी पहलें माल ढुलाई सुविधाओं के विस्तार, लॉजिस्टिक्स अवसंरचना को मजबूत करने और ग्राहकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पूसीरे की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे व्यापार और उद्योग जगत के लिए रेल परिवहन के अधिक अवसर सृजित करने के साथ-साथ पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र में व्यापार, आर्थिक गतिविधियों और विश्वसनीय माल परिवहन सेवाओं को निरंतर बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय