पूसीरे ने सितंबर 2026 में माल लोडिंग में 46.5% की बढ़ोतरी दर्ज की
गुवाहाटी, 13 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने सितंबर 2026 में माल परिवहन में शानदार प्रदर्शन किया है। इस रेलवे ने कुल 1.134 मिलियन टन (एमटी) माल की लोडिंग की, जो सितंबर 2025 में दर्ज 0.774 एमटी की तुलना में 46.5% की उल्लेखनीय वृद्धि को दर्शाता है। अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान कुल माल लोडिंग 6.226 एमटी के आंकड़े तक पहुंच गई, जो पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि में दर्ज 5.557 एमटी की तुलना में 12% अधिक है।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया है कि सितंबर में यह बढ़ोतरी कई प्रमुख सामग्रियों के अच्छे प्रदर्शन के कारण हुई है। सितंबर 2025 की तुलना में अनाज लोडिंग में 610% की भारी वृद्धि हुई और यह 0.071 एमटी तक पहुंच गई। फलों, सब्जियों और लकड़ियों जैसी विविध वस्तुओं की लोडिंग में 157% से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि सीमेंट और उर्वरक की लोडिंग में क्रमशः 295% और 200% की शानदार बढ़ोतरी हुई। डोलोमाइट लोडिंग में 52%, जबकि कंटेनर परिवहन में 17.6% की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
यह सकारात्मक रुझान अप्रैल-सितंबर 2026 के कुल प्रदर्शन में भी दिखाई दिया। सीमेंट लोडिंग में 181% की शानदार वृद्धि दर्ज की गई, जबकि डोलोमाइट लोडिंग में 36.7% की बढ़ोतरी हुई। पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि की तुलना में कोयला और कंटेनर परिवहन में भी क्रमशः 8.2% और 9.6% की वृद्धि दर्ज की गई।
यह निरंतर वृद्धि पूसीरे के उन प्रयासों को प्रदर्शित करती है, जिसके ज़रिए वह बेहतर परिचालन दक्षता, माल परिवहन से जुड़े ग्राहकों के साथ बेहतर समन्वय और आवश्यक सामानों का निर्बाध परिवहन कर रहा है और माल ढुलाई के काम-काज को मजबूत कर रहा है। रेलवे अपने माल परिवहन बेस को बढ़ाने, क्षेत्र की बदलती लॉजिस्टिक्स ज़रूरतों को पूरा करने और विश्वसनीय, कुशल एवं ग्राहक-केंद्रित माल परिवहन सेवाएं प्रदान करने पर जोर कर रहा है।
सेवा में उत्कृष्टता और परिचालन प्रदर्शन पर निरंतर जोर देते हुए पूसीरे क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को सहयोग करने और पूर्वोत्तर एवं इसके अलावा अन्य क्षेत्रों में रेल-आधारित लॉजिस्टिक्स को मजबूत करने को प्रतिबद्ध है। ---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

