home page

पूसीरे ने त्योहारों पर अतिरिक्त ट्रेन सेवाओं के साथ बढ़ाईं सुविधाएं

 | 
पूसीरे ने त्योहारों पर अतिरिक्त ट्रेन सेवाओं के साथ बढ़ाईं सुविधाएं


गुवाहाटी, 15 नवंबर (हि.स.)। त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने स्टेशनों पर यात्री सुविधा व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया है और ट्रेन सेवाओं में वृद्धि की है। प्लेटफॉर्म पर यात्रियों को उचित मार्गदर्शन प्रदान करने और ट्रेन में सुरक्षित रूप से चढ़ने एवं उतरने में सहायता के लिए वाणिज्यिक विभाग के कर्मचारियों तथा रेलवे सुरक्षा बल के जवानों को विभिन्न स्टेशनों पर तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त, यात्रियों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने और प्रतीक्षा के दौरान उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रमुख स्टेशनों पर पेयजल, स्वच्छ यात्री क्षेत्र तथा विशेष होल्डिंग एरिया की व्यवस्था की गई है।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि त्योहारों पर यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए पूसीरे द्वारा कुल 864 फेरों के साथ 31 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें संचालित की जा रही हैं। ट्रेन संख्या 03027/03028 (हावड़ा–न्यू जलपाईगुड़ी–हावड़ा स्पेशल) नवंबर के उत्तरार्ध में चार अतिरिक्त फेरे लगाएगी, जिनमें प्रत्येक दिशा में दो-दो फेरे शामिल हैं। यह विशेष ट्रेन दक्षिणी और उत्तरी पश्चिम बंगाल के बीच रेल संपर्क को और मजबूत करेगी। साथ ही, बिहार के बारसोई और किशनगंज के यात्रियों को भी सीधी रेल यात्रा की सुविधा प्रदान करेगी।

ट्रेन संख्या 03027 (हावड़ा–न्यू जलपाईगुड़ी) फेस्टिवल स्पेशल 18 एवं 25 नवंबर को 23:50 बजे हावड़ा से रवाना होगी और अगले दिन 10:45 बजे न्यू जलपाईगुड़ी पहुंचेगी। वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 03028 (न्यू जलपाईगुड़ी–हावड़ा) फेस्टिवल स्पेशल 19 एवं 26 नवंबर को 12:45 बजे न्यू जलपाईगुड़ी से रवाना होगी और अगले दिन 00:15 बजे हावड़ा पहुंचेगी। यह विशेष ट्रेन दोनों दिशाओं में दो-दो फेरे लगाएगी।

इस विशेष ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे। ट्रेन दोनों दिशाओं में बैण्डेल, नवद्वीप धाम, कटवा, अजीमगंज, जंगीपुर रोड, मालदा टाउन, बारसोई, किशनगंज और अलुआबाड़ी रोड स्टेशनों पर रुकेगी। इन ठहरावों से संबंधित स्टेशनों के यात्रियों को हावड़ा और न्यू जलपाईगुड़ी के बीच सीधी रेल यात्रा की सुविधा मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय