दो स्पेशल ट्रेनों की सेवाओं का विस्तार
-दो वन-वे स्पेशल ट्रेनों का होगा परिचालन
गुवाहाटी, 02 जून (हि.स.)। गर्मियों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को सुविधा प्रदान करने के लिए ट्रेन संख्या 05932/05931 (डिब्रूगढ़-कोलकाता- डिब्रूगढ़) और ट्रेन संख्या 03407/03408 (भागलपुर-कटिहार-भागलपुर) की सेवाओं को दोनों दिशाओं में क्रमशः आठ और तीन अतिरिक्त फेरों के लिए बढ़ाया गया है। इसके अलावा, ट्रेन संख्या 05630 (गुवाहाटी-तिरुपति) और ट्रेन संख्या 05862 (रंगापाड़ा नॉर्थ-विजयवाड़ा) को वन-वे स्पेशल ट्रेन के रूप में चलाने का निर्णय लिया गया है।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया कि ट्रेन संख्या 05932 (डिब्रूगढ़-कोलकाता) स्पेशल को 6 जून से 25 जुलाई तक परिचालन के लिए बढ़ाया गया है। जबकि वापसी में, ट्रेन संख्या 05931 (कोलकाता-डिब्रूगढ़) स्पेशल को 8 जून से 27 जुलाई तक परिचालन के लिए बढ़ाया गया है। ये ट्रेनें आठ अतिरिक्त फेरों के लिए अपनी मौजूदा सेवा, समय-सारिणी, संयोजन और ठहरावों के अनुसार ही चलेंगी।
ट्रेन संख्या 03407 (भागलपुर-कटिहार) स्पेशल को 4 जून तक परिचालन के लिए बढ़ाया गया है, जबकि वापसी में, ट्रेन संख्या 03408 (कटिहार-भागलपुर) स्पेशल को भी 4 जून तक परिचालन के लिए बढ़ाया गया है। ये ट्रेनें तीन अतिरिक्त फेरों के लिए अपनी मौजूदा सेवा, समय-सारिणी, संयोजन और ठहरावों के अनुसार ही चलेंगी।
इसके अतिरिक्त, 4 जून को एक फेरा के लिए दो वन-वे स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया गया है। दोनों, ट्रेन संख्या 05630 (गुवाहाटी-तिरुपति) और ट्रेन संख्या 05862 (रंगापाड़ा नॉर्थ-विजयवाड़ा) गुरुवार को चलेंगी।
कुल मिलाकर, गर्मियों में भीड़भाड़ के दौरान ये स्पेशल ट्रेन सेवाएं कनेक्टिविटी में सुधार, यात्रियों की आवाजाही को सुगम और यात्रा के अधिक आरामदायक अनुभव को सुनिश्चित करेंगी।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

