पूसीरे ने अपने क्षेत्राधिकार में आयोजित किए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र 5.0 अभियान के तहत शिविर
गुवाहाटी, 22 नवंबर (हि.स.)। भारत सरकार के पेंशन और पेंशनभोगी कल्याण विभाग (डीओपीपीडब्ल्यू) तथा रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुसार, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे)1 से 30 नवंबर तक राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (डीएलसी) अभियान 5.0 को सक्रिय रूप से संचालित कर रहा है। इस पहल का उद्देश्य डिजिटल तकनीक के माध्यम से रेलवे पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों के लिए वार्षिक जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया को सरल बनाना है, ताकि विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों और चलने-फिरने में कठिनाई महसूस करने वाले लोगों को सुविधाजनक और परेशानी मुक्त सेवाएं मिल सकें।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया कि इस अभियान के तहत, पूसीरे के विभिन्न स्थानों पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र शिविर आयोजित किए गए। इनमें गुवाहाटी स्थित मालीगांव पूसीरे मुख्यालय और निर्माण कार्यालय परिसर, रंगिया, डिब्रूगढ़ कारखाना, पूसीरे पेंशनभोगी संघ कार्यालय, न्यू जलपाईगुड़ी, तिनसुकिया, सिलीगुड़ी जंक्शन, फरकाटिंग जंक्शन, न्यू बंगाईगांव, जयमति नगर, मालबाजार स्वास्थ्य इकाई, न्यू गुवाहाटी, रंगापाड़ा नॉर्थ, कार्सियांग रेलवे स्टेशन, मालदा टाउन लोको शेड, फकीराग्राम जंक्शन और बुनियादपुर शामिल हैं। इन शिविरों में पेंशनभोगियों को अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए विशेष सहायता प्रदान की गई, जिससे यह प्रक्रिया और भी सरल एवं सुलभ हो गई है।
पूसीरे के अधीन इस अभियान में उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिली। अब तक आयोजित शिविरों के माध्यम से रेलवे पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों के लिए 1,000 से अधिक डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र सफलतापूर्वक बनाए गए हैं।
पूसीरे पेंशनभोगी संघ और अन्य संबंधित इकाइयों के सहयोग से कई शिविर आयोजित किए गए, जिनमें निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और यूएमआईडी पंजीकरण जैसी अतिरिक्त सुविधाएं भी प्रदान की गईं। इससे रेलवे पेंशनभोगियों को मिलने वाला कल्याणकारी सहयोग काफी सुदृढ़ हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

