home page

पूसीरे ने शुरू किया डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान, पेंशनभोगियों के लिए लगाए जा रहे शिविर

 | 
पूसीरे ने शुरू किया डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान, पेंशनभोगियों के लिए लगाए जा रहे शिविर


गुवाहाटी, 03 नवंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने राष्ट्रव्यापी डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (डीएलसी) अभियान 5.0 के तहत न्यू तिनसुकिया और डिब्रूगढ़ में शिविर लगाकर अपने एक महीने तक चलने वाले विशेष अभियान की शुरुआत की है। पूसीरे पेंशनर्स एसोसिएशन (एनएफआरपीए) के कार्यालयों में आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों को वार्षिक जीवन प्रमाण पत्र जमा करने में सहायता उपलब्ध कराना है।

पूसीरे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) कपिंजल किशोर शर्मा ने मंगलवार को बताया कि 2 नवंबर को आयोजित शिविरों में कुल 52 पेंशनभोगियों ने हिस्सा लिया। इनमें 47 पेंशनभोगी न्यू तिनसुकिया और पांच डिब्रूगढ़ में उपस्थित हुए। इनमें से 35 पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों के डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट का विवरण सफलतापूर्वक अपलोड किया गया। शेष पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए 6 नवंबर को डिब्रूगढ़ में एक अतिरिक्त शिविर लगाया जाएगा।

पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग तथा रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुसार यह अभियान एक 01 से 30 नवंबर तक चलाया जा रहा है। इसके तहत जीवन प्रमाण पत्र डिजिटल माध्यम से जमा करने को प्रोत्साहित किया जा रहा है। अभियान में आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन पर विशेष जोर दिया गया है। इस सुविधा के जरिए पेंशनभोगी अपने स्मार्टफोन से ही डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बना सकते हैं। इससे उन्हें बैंक या पेंशन वितरण कार्यालय जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

इस अभियान के तहत पूसीरे पेंशनर्स एसोसिएशन, बैंकों और संबंधित एजेंसियों के सहयोग से रेलवे के जोनल एवं मंडल मुख्यालयों, कारखानों तथा पेंशनभोगियों की अधिक संख्या वाले स्थानों पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

अभियान में 80 वर्ष और उससे अधिक आयु के पेंशनभोगियों के साथ-साथ बीमार और चलने-फिरने में असमर्थ लोगों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर ऐसे पेंशनभोगियों को घर पर ही सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है।

पूसीरे की इस पहल का उद्देश्य सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों के लिए हर साल जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया को सरल, सुविधाजनक और सुलभ बनाना है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय