सुकना स्टेशन पर टॉय ट्रेन दिवस मनाया गया
गुवाहाटी, 07 जुलाई (हि.स.)। यूनेस्को की विश्व विरासत स्थल दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे (डीएचआर) ने ऐतिहासिक सुकना रेलवे स्टेशन पर एक शानदार कम्युनिटी आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन कर टॉय ट्रेन डे मनाया। इस कार्यक्रम के जरिए इसने विरासत के संरक्षण, सांस्कृतिक जुड़ाव और समुदाय की भागीदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः उजागर किया।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि नॉर्थ बंगाल पेंटर्स एसोसिएशन के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में हेरिटेज-थीम वाली पेंटिंग प्रतियोगिता और स्थानीय बच्चों व युवा कलाकारों के लिए एक इंटरैक्टिव आर्ट वर्कशॉप आयोजित किया गया। इस पहल का उद्देश्य युवा पीढ़ी को रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से मशहूर पर्वतीय रेलवे की समृद्ध विरासत को जानने और उसके संरक्षण के लिए प्रेरित करना था।
इस कार्यक्रम ने खूबसूरत सुकना रेलवे स्टेशन को एक ओपन-एयर आर्ट स्टूडियो में बदल दिया, जहां नॉर्थ बंगाल पेंटर्स एसोसिएशन के अनुभवी कलाकारों ने प्रतिभागियों को पेंटिंग सेशन के माध्यम से मार्ग दर्शन किया।
इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मशहूर स्थानीय कलाकार सुमन रॉय द्वारा काफी बारीकी से बनायी गयी मशहूर डीएचआर हेरिटेज स्टीम इंजन की छोटी प्रतिकृति की प्रदर्शनी थी। यह मॉडल एक शैक्षणिक प्रदर्शनी के साथ-साथ कलात्मक प्रेरणा का स्रोत भी था, जो ऐतिहासिक स्टीम लोकोमोटिव की इंजीनियरिंग की खूबी और सदाबहार आकर्षण को प्रदर्शित कर रहा था। कार्यक्रम प्रतिभागियों द्वारा बनाई गई कलाकृतियों के प्रदर्शन और उनकी सराहना के साथ संपन्न हुआ।
एक अन्य उल्लेखनीय उपलब्धि में, दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे ने जून महीने में अब तक का सर्वाधिक आय अर्जित की है। जून 2026 में डीएचआर को 3.98 करोड़ रुपये की आय हुई, जबकि पिछले वर्ष समान अवधि में यह आय 3.25 करोड़ रुपये थी। यह जबरदस्त बढ़ोतरी दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे के इतिहास में जून महीने में निरंतर सर्वाधिक आय का रिकॉर्ड है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

