घूम रेलवे स्टेशन पर 30 नवंबर से सजेगा स्टार्ट-अप मेला
- स्थानीय उद्यमियों, कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों को मिलेगा उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का अवसर
गुवाहाटी, 29 नवंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के अधीन दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे (डीएचआर) की ओर से 30 नवंबर से 6 दिसंबर तक घूम रेलवे स्टेशन पर स्टार्ट-अप मेले का आयोजन किया जाएगा। सप्ताहभर चलने वाला यह मेला नौ दिवसीय डीएचआर घूम विंटर फेस्टिवल का हिस्सा है। यह महोत्सव 28 नवंबर को शुरू हुआ है। आयोजन दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे के यूनेस्को विश्व धरोहर सूची में शामिल होने के 27 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में किया जा रहा है।
पूसीरे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) कपिंजल किशोर शर्मा ने रविवार को बताया कि मेले में दार्जिलिंग की पहाड़ियों और आसपास के क्षेत्रों के उभरते उद्यमियों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई), स्थानीय कारीगरों तथा स्वयं सहायता समूहों को एक मंच पर लाया जाएगा। इसमें प्रतिभागियों को हस्तशिल्प, पहाड़ी क्षेत्रों के जैविक उत्पाद, पारंपरिक खाद्य पदार्थ और स्थानीय स्तर पर निर्मित वस्तुओं के प्रदर्शन एवं बिक्री का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि यह मेला पहाड़ी क्षेत्रों के स्टार्ट-अप उद्यमों को अपने नए उत्पाद पेश करने के साथ टिकाऊ उत्पादों और पर्यावरण अनुकूल कार्यप्रणालियों में किए गए नवाचारों को प्रदर्शित करने का अवसर भी देगा।
सीपीआरओ ने कहा कि दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे की टॉय ट्रेन के मार्ग पर स्थित प्रमुख स्टेशन होने के कारण घूम रेलवे स्टेशन इस आयोजन के लिए महत्वपूर्ण स्थान है। यहां प्रदर्शकों को देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और आगंतुकों तक अपने उत्पाद पहुंचाने का अवसर मिलेगा। आगंतुक स्थानीय उत्पादों की विशेषताओं को जानने, उन्हें तैयार करने वाले कारीगरों से सीधे संवाद करने और उत्पादकों से खरीदारी करने में सक्षम होंगे।
उन्होंने कहा कि नए उत्पाद पेश करने वाले उद्यमियों को ग्राहकों की पसंद और जरूरतों को समझने तथा अपने उत्पादों में सुधार करने के लिए भी यह आयोजन उपयोगी साबित होगा। इसके अलावा, प्रतिभागियों को अन्य उद्यमियों के साथ अनुभव साझा करने और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से संपर्क स्थापित करने का अवसर मिलेगा।
सीपीआरओ के अनुसार, रेल विरासत को केंद्र में रखकर आयोजित इस मेले के माध्यम से डीएचआर का उद्देश्य स्थानीय उद्यमों को बाजार उपलब्ध कराना, उनके व्यावसायिक संपर्कों का विस्तार करना और उन्हें व्यापक पहचान दिलाना है।
मेले में प्रदर्शनी स्टॉल लगाने के इच्छुक प्रतिभागी ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। स्टेशन परिसर में सीमित जगह उपलब्ध होने के कारण इच्छुक आवेदकों से जल्द से जल्द अपना विवरण जमा कर पंजीकरण कराने की अपील की गई है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

