छठ पूजा पर पूसीरे करेगा दो जोड़ी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों की सेवा विस्तारित और अतिरिक्त तीन जोड़ी ट्रेनों का परिचालन
गुवाहाटी, 11 नवंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने छठ पूजा के दौरान बिहार, पश्चिम बंगाल और झारखंड के लिए पांच जोड़ी फेस्टिव स्पेशल ट्रेनों का परिचालन कर अतिरिक्त यात्रा विकल्प प्रदान करने का निर्णय लिया है।
दो जोड़ी ट्रेनों की विस्तारित सेवा में ट्रेन संख्या 07555/07554 (कटिहार-पूर्णिया-कटिहार) अब अररिया तक चलेगी। एक अन्य जोड़ी, ट्रेन संख्या 08661/08662 (रांची-अलीपुरद्वार जंक्शन-रांची) प्रत्येक दिशा में दो अतिरिक्त फेरों के लिए चलेगी। तीन अतिरिक्त जोड़ियों में ट्रेन संख्या 07546/07545 और ट्रेन संख्या 07548/07547 (कटिहार-मनिहारी-कटिहार) तथा ट्रेन संख्या 03125/03126 (कोलकाता-न्यू कोचबिहार-कोलकाता) शामिल हैं।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिजंल किशोर शर्मा ने बताया कि ट्रेन संख्या 07555 (कटिहार–अररिया) फेस्टिवल स्पेशल 11 से 30 नवंबर तक प्रतिदिन चलेगी। यह ट्रेन कटिहार से 21:30 बजे रवाना होकर अररिया 23:30 बजे पहुंचेगी। वापसी दिशा में, ट्रेन संख्या 07554 (अररिया–कटिहार) 12 नवंबर से 1 दिसंबर तक प्रतिदिन चलेगी। यह ट्रेन अररिया से 00:15 बजे रवाना होकर कटिहार 02:15 बजे पहुंचेगी। इस विशेष ट्रेन में 08 कोच होंगे और प्रत्येक दिशा में 20 फेरों के लिए चलेगी।
ट्रेन संख्या 08661 (रांची–अलीपुरद्वार जंक्शन) साप्ताहिक पूजा स्पेशल 16 और 23 नवंबर को रांची से दो अतिरिक्त फेरों के लिए चलेगी। वापसी दिशा में, ट्रेन संख्या 08662 (अलीपुरद्वार जंक्शन–रांची) 18 और 25 नवंबर को अलीपुरद्वार जंक्शन से रवाना होगी। दोनों सेवाएं अपने मौजूदा समय-सारणी, ठहराव और कोच संरचना के अनुसार संचालित होंगी।
ट्रेन संख्या 07546 (कटिहार–मनिहारी) फेस्टिव स्पेशल की दैनिक सेवा 9 नवंबर को शुरू हुई और यह 16 नवंबर तक चलेगी। यह ट्रेन कटिहार से 23:15 बजे रवाना होकर अगले दिन मनिहारी 00:15 बजे पहुंचती है। वापसी दिशा में, ट्रेन संख्या 07545 (मनिहारी–कटिहार) का परिचालन 10 नवंबर को शुरू हुआ और यह 17 नवंबर तक चलेगा। यह ट्रेन मनिहारी से 02:00 बजे रवाना होकर कटिहार 03:00 बजे पहुंचती है। इस स्पेशल ट्रेन में 08 कोच होंगे और प्रत्येक दिशा में 08 फेरों के लिए चलेगी।
ट्रेन संख्या 07548 (कटिहार–मनिहारी) फेस्टिव स्पेशल 11 से 16 नवंबर तक प्रतिदिन चलेगी। यह ट्रेन कटिहार से 10:45 बजे रवाना होकर मनिहारी 11:45 बजे पहुंचेगी। वापसी दिशा में, इसी अवधि के दौरान ट्रेन संख्या 07547 (मनिहारी–कटिहार) प्रतिदिन चलेगी। यह ट्रेन मनिहारी से 12:00 बजे रवाना होकर कटिहार 13:00 बजे पहुंचेगी। इस मार्ग पर अधिक यात्रियों को सुविधा प्रदान करने के लिए, पूसीरे ट्रेन संख्या 07540/07539 (कटिहार–मनिहारी–कटिहार) फेस्टिव स्पेशल में अतिरिक्त तीन कोच जोड़ेगी।
ट्रेन संख्या 03125/03126 (कोलकाता–न्यू कोचबिहार–कोलकाता) साप्ताहिक स्पेशल ने 7 नवंबर को कोलकाता से और 8 नवंबर को न्यू कोचबिहार से परिचालन शुरू किया। 14, 21 और 28 नवंबर को ट्रेन संख्या 03125 कोलकाता से 23:40 बजे रवाना होगी और अगले दिन न्यू कोचबिहार 15:30 बजे पहुंचेगी। वापसी दिशा में, 15, 22 और 29 नवंबर को ट्रेन संख्या 03126 न्यू कोचबिहार से 18:30 बजे रवाना होकर अगले दिन कोलकाता 08:10 बजे पहुंचेगी। इस स्पेशल ट्रेन में 22 कोच है और यह प्रत्येक दिशा में चार फेरों के लिए चल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

