पूसीरे ने अपने स्काउट्स और गाइड्स के उत्कृष्ट प्रदर्शन और सेवाओं के लिए की राज्य पुरस्कार रैली आयोजित
गुवाहाटी, 07 अक्तूबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के भारत स्काउट्स एंड गाइड्स ने रंग भवन और स्टेट ट्रेनिंग सेंटर, मालीगांव में राज्य पुरस्कार अवार्ड रैली का आयोजन किया। यह राज्य पुरस्कार अवार्ड स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स के लिए राज्य स्तर पर मिलने वाला सबसे बड़ा सम्मान माना जाता है। इस कार्यक्रम में पूसीरे के महाप्रबंधक और पूसीरे भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के मुख्य संरक्षक चेतन कुमार श्रीवास्तव और पूसीरे महिला कल्याण संगठन (एनएफआरडब्ल्यूडब्ल्यूओ) की अध्यक्ष शालिनी श्रीवास्तव शामिल हुए।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया है कि 3 से 5 अक्टूबर तक आयोजित रैली में उन स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स को सम्मानित किया गया, जिन्होंने 2022-23, 2023-24 और 2024-25 के लिए राज्य पुरस्कार यानी गवर्नर्स अवॉर्ड हासिल किया था। 2022-23 के लिए पांच सदस्य, 2023-24 के लिए 135 सदस्य और 2024-25 के लिए 181 सदस्य इस पुरस्कार के लिए चुने गए थे। 5 अक्टूबर को हुए पुरस्कार समारोह में कुल 293 सदस्य शामिल हुए, जिनमें सांस्कृतिक एवं बैंड टीमें और पूसीरे भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के ज़िला संगठनों के अधिकारी शामिल थे।
रेलवे संगठनों में, यह संबंधित ज़ोनल रेलवे के मुख्य संरक्षक और महाप्रबंधक द्वारा प्रदान किया जाता है। उम्मीदवार ज़रूरी दक्षता बैज हासिल करने और पाँच दिनों के टेस्टिंग कैंप को सफलतापूर्वक पूर्ण करने के बाद यह पुरस्कार प्राप्त करते हैं। इस कैंप में योग्य परीक्षक उनके ज्ञान और कौशल का आकलन करते हैं। यह उपलब्धि योग्य सदस्यों को राष्ट्रीय स्तर के राष्ट्रपतिपुरस्कार टेस्टिंग कैंप की तैयारी करने में भी मदद करती है।
पूसीरे के भारत स्काउट्स एंड गाइड्स ने कई राष्ट्रीय पुरस्कारों और समर्पित सामुदायिक सेवा के ज़रिए खास पहचान बनाई है। इस साल 24 स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुरस्कार मिले, जबकि 94 कब्स और बुलबुल्स को गोल्डन एरो अवार्ड मिला। अंबुबासी मेला 2026 के दौरान, 225 सदस्यों ने कामाख्या धाम में तीर्थयात्रियों की चौबीसों घंटे मदद की। स्वयंसेवकों ने एनएफआरडब्ल्यूडब्ल्यूओ की मदद से शिवसागर और जोरहाट ज़िलों में बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राहत भी पहुंचाई। उनके योगदान में सफ़ाई अभियान, पर्यावरण जागरूकता अभियान, कौशल-विकास कार्यक्रम, सड़क सुरक्षा पर नुक्कड़ नाटक, पेयजल का वितरण और रेलवे स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन भी शामिल था।
राज्य पुरस्कार रैली ने अनुशासन, नेतृत्व, टीम वर्क और सामुदायिक सेवा के प्रति पूसीरे भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की प्रतिबद्धता को उजागर किया। अपने युवा सदस्यों की उपलब्धियों को मान्यता देते हुए पूसीरे ज़िम्मेदार नागरिकता और स्वैच्छिक सेवा की भावना को बढ़ावा देता है और उन्हें रेलवे तथा समाज में सार्थक योगदान देने के लिए प्रेरित करता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

