home page

पूसीरे के महाप्रबंधक (निर्माण) ने बइरबी सायरंग लाइन का किया निरीक्षण

 | 
पूसीरे के महाप्रबंधक (निर्माण) ने बइरबी सायरंग लाइन का किया निरीक्षण


गुवाहाटी, 24 सितंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे- निर्माण) के महाप्रबंधक आशीष बंसल ने 22 सितंबर को बइरबी-सायरंग रेल लाइन का निरीक्षण किया और चल रहे विकास कार्यों की स्थिति और प्रगति की समीक्षा की। इस दौरे के दौरान, बंसल ने बदरपुर से सायरंग तक विंडो ट्रेलिंगनिरीक्षण भी किया।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया है कि सायरंग में निरीक्षण के दौरान, बंसल ने कोचों के लिए वॉशिंग पिट लाइन के निर्माण कार्य की प्रगति का मुआयना किया। यह विकास कार्य पूर्ण होने पर, पिट लाइन कोचों की बेहतर सफाई, सर्विसिंग और रखरखाव में मदद करेगी, जिससे रखरखाव के मानकों और यात्रियों की सुविधा में सुधार होगा। उन्होंने कोचों के लिए सिक लाइन का भी निरीक्षण किया, जिसे कोचों की सही जांच, रखरखाव और मरम्मत के लिए बनाया गया है। इन सुविधाओं से परिचालन क्षमता बढ़ने और सुरक्षित व विश्वसनीय ट्रेन परिचालन में मदद मिलने की उम्मीद है।

इस क्षेत्र में पदस्थापित रेल कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया। बंसल ने सायरंग में स्टाफ क्वार्टर का निरीक्षण किया, जहां रेलवे संचालन और रखरखाव कार्यों में लगे कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधाएं पहले ही बनाई जा चुकी हैं। उन्होंने रेल कर्मचारियों की बढ़ती आवासीय ज़रूरतों को पूरा करने के लिए बनाए जा रहे अतिरिक्त स्टाफ क्वार्टर के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की। ये बेहतर आवासीय सुविधाएं रेल कर्मचारियों को अच्छी सुविधाएं और रहने के लिए उत्तम माहौल प्रदान करेंगी, साथ ही इस क्षेत्र में रेलवे संचालन को सुचारू और कुशल बनाए रखने में मदद करेंगी।

23 सितंबर को आशीष बंसल ने मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा से भी मुलाकात की। बैठक के दौरान, मिजोरम में रेल विकास और चल रही परियोजनाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। इस बातचीत से रेल अवसंरचना के विकास के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करने और राज्य में रेल कनेक्टिविटी के निरंतर विस्तार तथा सुधार के लिए आपसी तालमेल को सुदृढ़ करने की योजना बनाने काअवसर भी मिला।

अपने दौरे के दौरान, बंसल ने परिचालन और रखरखाव के विभिन्न कार्यों में लगे रेल अधिकारियों और कर्मचारियों से भी बातचीत की। उन्होंने उनके प्रयासों की सराहना की और सुरक्षा, कार्यक्षमता एवं यात्री सेवा के उच्च मानकों को बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने मिजोरम में रेल अवसंरचना तथा सेवाओं को और अधिक मजबूत करने के लिए आपसी सहयोग एवं चल रहे कार्यों को समय पर पूरा करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय