पूसीरे की मेजबानी में आयोजित 72वीं ऑल इंडिया इंटर रेलवे टेबल टेनिस चैंपियनशिप शुरू
गुवाहाटी, 03 अगस्त (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) द्वारा पूसीरे खेल-कूद संघ (पूसीरेएसए) के माध्यम से 3 से 7 अगस्त तक मालीगांव स्थित पूसीरेएसए इंडोर स्टेडियम में 72वीं अखिल भारतीय अंतर-रेलवे टेबल टेनिस चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला) 2026-27 का आयोजन किया गया है।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया है कि यह प्रतिष्ठित चैंपियनशिप भारतीय रेल के विभिन्न जोनल रेलवे और उत्पादन इकाइयों का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रतिभाशाली टेबल टेनिस खिलाड़ियों को एक साथ लाएगी और उन्हें स्वस्थ खेल प्रतिस्पर्धा, टीम वर्क और उत्कृष्टता के लिए एक मंच प्रदान करेगी। इस टूर्नामेंट में देश भर की विभिन्न रेलवे टीमों के 65 पुरुष खिलाड़ी और 31 महिला खिलाड़ी भाग लेंगे। इसके अलावा, रेलवे बोर्ड द्वारा नियुक्त 17 नामित रेफरी, दो चयनकर्ता और एक पर्यवेक्षक इस चैंपियनशिप के संचालन का जिम्मा संभालेंगे और इसकी देखरेख करेंगे।
पांच दिनों तक चलने वाले इस चैंपियनशिप में पुरुषों और महिलाओं दोनों श्रेणियों में प्रतियोगिताएं होगी। देश भर के रेलवे खिलाड़ी शीर्ष सम्मान के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे, जो भारतीय रेलवे के अधीन मजबूत खेल संस्कृति और उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
3 अगस्त को हुए इस उद्घाटन समारोह में पूसीरे के अपर महाप्रबंधक रमेश कुमार बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित थे। उद्घाटन समारोह की शुरुआत भाग लेने वाली टीमों के परिचय के साथ हुई, जिसके बाद मुख्य अतिथि का आगमन, पूसीरेएसए के अध्यक्ष का स्वागत भाषण, ध्वजारोहण, रेलवे बोर्ड के अधिकारियों का परिचय, मुख्य अतिथि का संबोधन, सम्मान समारोह और चैंपियनशिप के औपचारिक रूप से शुरू होने की घोषणा हुई।
पूसीरे ने गुणवत्तापूर्ण बुनियादी ढांचा और रेलवे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का अवसर प्रदान कर निंरतर खेलों को बढ़ावा दिया है। इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप की मेजबानी करना, खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने, स्वस्थ खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और देश भर के रेल कर्मचारियों के बीच आपसी सौहार्द की भावना को मजबूत करने के प्रति पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की प्रतिबद्धता को और अधिक सुदृढ़ करता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

