पूसीरे कर्मचारी संघ में शामिल हुए पूसीरे एम्प्लॉइज यूनियन के नेता
गुवाहाटी, 24 नवंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) में श्रमिक आंदोलन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बदलाव देखने को मिला है। पूसीरे एम्प्लॉइज यूनियन की केंद्रीय समिति के संगठनात्मक सचिव तथा वरिष्ठ श्रमिक नेता टंकेश्वर वैश्य और हाल ही में कर्मचारी संघ के संगठनात्मक सचिव के पद से इस्तीफा देने वाले श्रमिक नेता श्यामल कांति दास ने 23 नवंबर को औपचारिक रूप से पूसीरे कर्मचारी संघ (पीएसआरकेएस) की सदस्यता ग्रहण की।
दोनों श्रमिक नेताओं ने पूसीरे कर्मचारी संघ के अध्यक्ष जीतू हजारिका और महासचिव हरिश भुइयां से मुलाकात कर भारतीय रेलवे मजदूर संघ (बीआरएमएस) के आदर्शों, नीतियों और राष्ट्रवादी श्रमिक आंदोलन के प्रति अपनी आस्था एवं प्रतिबद्धता व्यक्त की।
संगठन की ओर से बताया गया कि राष्ट्रीय हित, उद्योग हित और श्रमिक कल्याण—भारतीय मजदूर संघ के इन मूल सिद्धांतों को ध्यान में रखते हुए ही उन्होंने पूसीरे कर्मचारी संघ में शामिल होने का निर्णय लिया है।
पूसीरे कर्मचारी संघ के अध्यक्ष जीतू हजारिका ने कहा कि पूसीरे एम्प्लॉइज यूनियन के विभिन्न डिवीजनों और जोनल स्तर के कई अन्य नेता तथा सक्रिय सदस्य भी आने वाले दिनों में संगठन में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं।
वहीं, पूसीरे एम्प्लॉइज यूनियन के सदस्यों के अनुसार, संगठन के नेतृत्व की कथित निरंकुश कार्यशैली के प्रति असंतोष के कारण श्रमिकों और नेताओं का एक वर्ग धीरे-धीरे लोकतांत्रिक, राष्ट्रवादी और श्रमिक हितों को प्राथमिकता देने वाले पूसीरे कर्मचारी संघ की ओर आकर्षित हो रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

