home page

अगले 5 साल उद्घाटन के होंगे : मुख्यमंत्री

 | 
अगले 5 साल उद्घाटन के होंगे : मुख्यमंत्री


गुवाहाटी, 05 मई (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने मंगलवार को कहा कि बीते पांच वर्ष राज्य में विकास की आधारशिला रखने के रहे, जबकि आने वाले पांच वर्ष विभिन्न परियोजनाओं के उद्घाटन और उनके प्रत्यक्ष परिणाम दिखने के होंगे।

मंगलवार को मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि असम की जनता ने विकास के पक्ष में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को अपना समर्थन दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी पांच वर्षों में राज्य के लोग व्यापक स्तर पर विकास कार्यों को साकार होते देखेंगे।

युवा वर्ग की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए डॉ. सरमा ने कहा कि जेन-ज़ी का समर्थन भाजपा को मिला है और पार्टी के सभी जेन-ज़ी उम्मीदवार चुनाव में विजयी रहे। उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कुछ लोग यह दावा कर रहे थे कि केवल विपक्ष के उम्मीदवार ही जेन-ज़ी का प्रतिनिधित्व करते हैं।

एक राजनीतिक टिप्पणी में मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आने वाले पांच वर्षों के भीतर कांग्रेस नेता देवब्रत सैकिया भाजपा में शामिल हो सकते हैं, जिससे राज्य की राजनीति में बदलाव के संकेत मिलते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश