मालीगांव में पेड़ से लटका मिला नवजात बच्चा
गुवाहाटी, 16 अगस्त (हि.स.)। गुवाहाटी के गोशाला थाना क्षेत्र के देवकोटा नगर स्थित उदयगिरि पथ में आज एक नवजात शिशु के बरामद होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने एक नवजात शिशु को सैजन के पेड़ से लटका हुआ पाया और उसे सुरक्षित बाहर निकाला। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बच्चे को इस तरह छोड़े जाने से इलाके में हड़कंप मच गया।
स्थानीय निवासियों ने तुरंत शिशु को बचाकर सुरक्षित रूप से पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद जब पुलिस ने जांच शुरू की, तो शिशु की पहचान और घटना के पीछे की वजह को लेकर चौंकाने वाली जानकारी सामने आई।
जानकारी के मुताबिक, बरामद नवजात शिशु 17 वर्षीय एक नाबालिग लड़की का बच्चा है। पुलिस पूछताछ के लिए नाबालिग के पिता सुरेश मुरिया और उनकी पत्नी को गोशाला थाने ले आई है।
दूसरी ओर, नवजात शिशु को सैजन के पेड़ पर क्यों लटकाया गया था?, घटना का असली कारण क्या है और क्या इसमें कोई और भी शामिल है—पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पूरे मामले की जांच जारी है। नवजात शिशु और मां दोनों को इलाज के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में ले जाया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

