असम के नव नियुक्त मंत्रियों को आज मिलेगा विभागीय दायित्व
गुवाहाटी, 08 जून, (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कहा है कि मंत्रिमंडल विस्तार के तहत शामिल किए गए 12 नए मंत्रियों को सोमवार को विभागों का आवंटन किया जाएगा। विभागों की घोषणा के साथ ही मंत्रियों की प्रशासनिक जिम्मेदारियां स्पष्ट हो जाएंगी।
उल्लेखनीय है कि 05 जून को गुवाहाटी स्थित ज्योति-बिष्णु अंतरराष्ट्रीय सभागार में आयोजित समारोह में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने 12 विधायकों को मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई थी। नव नियुक्त मंत्रियों में अश्विनी राय सरकार, अशोक सिंघल, बिमल बोरा, बिस्वजीत दैमारी, जयंत मल्ल बरुवा, कौशिक राय, केशव महंत, कृष्णेंदु पॉल, नीलिमा देवी, पियूष हजारिका, डॉ. रणोज पेगू और सुशांत बरगोहाईं शामिल हैं।
इनमें 11 मंत्री भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से हैं, जबकि केशव महंत असम गण परिषद (अगप) का प्रतिनिधित्व करते हैं। नीलिमा देवी मंत्रिमंडल में शामिल एकमात्र महिला मंत्री हैं।
मंत्रिमंडल विस्तार के बाद असम मंत्रिपरिषद की कुल संख्या बढ़कर 17 हो गई है। संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार राज्य में अधिकतम् 19 मंत्री हो सकते हैं, जिससे अभी भी दो पद रिक्त हैं।
राजनीतिक हलकों में विभागों के आवंटन को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। माना जा रहा है कि विभागों की घोषणा के बाद राज्य सरकार के प्रशासनिक ढांचे को और मजबूती मिलेगी तथा विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली में तेजी आएगी।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

