home page

मानस राष्ट्रीय उद्यान में गैंडे के बच्चे का जन्म, गंगा का वंश पहुंचा तीसरी पीढ़ी तक

 | 
मानस राष्ट्रीय उद्यान में गैंडे के बच्चे का जन्म, गंगा का वंश पहुंचा तीसरी पीढ़ी तक


गुवाहाटी, 31 अक्टूबर (हि.स.)। असम के मानस राष्ट्रीय उद्यान में वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में एक और उत्साहजनक उपलब्धि दर्ज की गई है। यहां गंगा नाम की मादा गैंडे की तीसरी पीढ़ी में एक नए शिशु गैंडे का जन्म हुआ है।

असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने शनिवार को सोशल मीडिया पर यह जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि ब्रह्मपुत्र की बाढ़ के दौरान बचाई गई गंगा नाम की मादा गैंडे की दूसरी पीढ़ी की संतान गंगा ने एक प्यारे से बच्चे को जन्म दिया।

इस जन्म के साथ ही गंगा से शुरू हुआ गैंडों का वंश अब मानस राष्ट्रीय उद्यान में तीसरी पीढ़ी तक पहुंच गया है। मुख्यमंत्री ने इस घटनाक्रम पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल एक परिवार की खुशी की कहानी नहीं है, बल्कि वन्यजीव संरक्षण की सफलता का एक नया अध्याय भी है।

उल्लेखनीय है कि मानस राष्ट्रीय उद्यान एक महत्वपूर्ण वन्यजीव संरक्षण क्षेत्र है। यहां गंगा के वंश की तीसरी पीढ़ी का जन्म गैंडों के संरक्षण और उनके प्राकृतिक आवास में पुनर्वास के प्रयासों के लिए उत्साहजनक संकेत है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश