निराशा में आशा: बाढ़ के बीच राहत शिविर में महिला ने दिया बच्चे को जन्म, सुरक्षित हैं मां और नवजात
शिवसागर (असम), 29 जुलाई (हि.स.)। असम में जारी भीषण बाढ़ के बीच एक राहत भरी खबर सामने आई है। शिवसागर जिले के नाजिरा स्थित बामुनपुखुरी चाय बागान के फैक्ट्री परिसर में बनाए गए राहत शिविर में एक गर्भवती महिला ने सुरक्षित रूप से बच्चे को जन्म दिया।
यह प्रसव ऐसे समय हुआ जब बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में लोग अपने घर छोड़कर राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं। राहत शिविर में मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों और प्रशासन की सहायता से प्रसूता का सुरक्षित प्रसव कराया गया। मां और नवजात दोनों पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
बाढ़ की त्रासदी के बीच नवजात के जन्म ने राहत शिविर में रह रहे लोगों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है। इस घटना को आपदा के बीच उम्मीद और नए जीवन के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है। बामुनपुखुरी चाय बागान नाजिरा के सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में शामिल है, जहां बाढ़ के कारण अनेक परिवारों को राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

