नवजात शिशु को तीन हजार रुपये में बेचने का आरोप, अस्पताल की नर्स की भूमिका भी संदिग्ध
नगांव (असम), 10 नवंबर (हि.स.)। असम के नगांव जिले के सामागुरी इलाके में एक अविवाहित मां द्वारा अपने नवजात बच्चे को महज तीन हजार रुपये में बेचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस कथित घटना में नगांव मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की एक नर्स की भूमिका भी संदिग्ध बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती का दिव्यांश कुमार नामक युवक के साथ प्रेम संबंध था। आरोप है कि युवती के गर्भवती होने के बाद युवक उससे शादी करने के बजाय फरार हो गया।
इसके बाद सामाजिक बदनामी से बचने के लिए युवती ने कथित तौर पर अपने नवजात बच्चे को बेच दिया। बताया जा रहा है कि इस पूरे मामले में नगांव मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की एक नर्स ने भी उसकी मदद की।
घटना सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। हालांकि, नवजात की बरामदगी और मामले में आगे की कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

