नए अग्निशमन स्टेशन का उद्घाटन
इटानगर, 28 जुलाई (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के गृह मंत्री मामा नाटुंग ने मंगलवार को पापुम पारे जिले के युपिया में एक नए अग्निशमन स्टेशन का उद्घाटन किया। साथ ही, उन्होंने राज्य भर में आग बुझाने और बचाव सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए नौ इमारजेंसी रिस्पॉन्स वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस उद्घाटन समारोह में दोईमुख के विधायक नाबम विवेक और पुलिस महानिदेशक डॉ. एसडी सिंह भी मौजूद थे।
गृह मंत्री ने तीन फायर टेंडर, एक रेस्क्यू टेंडर, दो वॉटर मिस्ट वाहन और तीन एजुकेशन वैन को भी हरी झंडी दिखाई। इन वाहनों को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में तैनात किया जाएगा ताकि इमरजेंसी रिस्पॉन्स और आग से सुरक्षा के प्रति जागरूकता को बेहतर बनाया जा सके।
इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए नाटुंग ने कहा कि पहले अग्निशमन और इमरजेंसी सर्विस विभाग पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया था, लेकिन 2014 के बाद से मुख्यमंत्री पेमा खांडू के नेतृत्व में इसमें काफी विकास हुआ है।
उन्होंने बताया कि कई अग्निशमन स्टेशन भवनों को मंज़ूरी दी गई है, नए पद बनाए गए हैं और राज्य भर में अतिरिक्त अग्निशमन स्टेशनों का निर्माण चल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का मकसद हर जिले में एक फायर स्टेशन बनाना है ताकि इमरजेंसी के समय तेज़ी से कार्रवाई की जा सके। नाटुंग ने भरोसा दिलाया कि बुनियादी ढांचे के विस्तार और क्षमता बढ़ाने के ज़रिए विभाग को चरणबद्ध तरीके से मज़बूत किया जाता रहेगा।
दोईमुख के विधायक नाबम विवेक ने तारासो और काकोई पुलिस स्टेशनों में अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की तैनाती और मौजूदा दोईमुख पुलिस स्टेशन भवन को अपग्रेड करने की मांग की।
उन्होंने सांगडु पोटा सर्कल में एक पुलिस स्टेशन और एक अग्निशमन स्टेशन बनाने का भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि अभी सबसे नज़दीकी पुलिस स्टेशन बालीजन में है, जिससे इमरजेंसी के दौरान समय पर कार्रवाई करना मुश्किल हो जाता है। विवेक ने सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को और मज़बूत करने और पुलिस कर्मियों की तैनाती बढ़ाने की ज़रूरत पर भी ज़ोर दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

