सिलचर से सिलीगुड़ी तक बनेगा नया एक्सप्रेस कॉरिडोर, गुवाहाटी से तिनसुकिया तक भी होगी तेज संपर्क व्यवस्था
गुवाहाटी, 14 जून, (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान राज्य में दो नए एक्सप्रेस कॉरिडोर विकसित किए जाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिलचर से सिलीगुड़ी तक एक नया एक्सप्रेस कॉरिडोर शीघ्र ही बनाया जाएगा। इस परियोजना के पूरा होने से बराक घाटी और उत्तर बंगाल के बीच सड़क संपर्क और अधिक सुगम एवं तेज हो जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि गुवाहाटी से सोनारी (चराइदेव) होते हुए तिनसुकिया तक एक अन्य एक्सप्रेस कॉरिडोर विकसित करने की योजना है। इस कॉरिडोर के निर्माण से ऊपरी असम के विभिन्न क्षेत्रों के बीच आवागमन में लगने वाला समय कम होगा तथा क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।
डॉ. सरमा ने कहा कि राज्य सरकार आधुनिक एवं सुदृढ़ परिवहन अवसंरचना के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है और ये परियोजनाएं असम के समग्र आर्थिक विकास तथा बेहतर संपर्क व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

