'खेल महारण 3.0' को लेकर असम में उत्साह, 60 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने कराया पंजीकरण
-राज्यभर के युवा समाज की व्यापक भागीदारी का प्रदेश भाजपा ने किया स्वागत-ग्रामीण से शहरी क्षेत्रों तक खेल प्रतियोगिताओं का आगाज- मुख्यमंत्री ने उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए छात्रवृत्ति और मुफ्त प्रशिक्षण की पहल की
गुवाहाटी, 08 नवंबर (हि.स.)। असम में जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने के उद्देश्य से आयोजित खेल महारण 3.0 के प्रति राज्यभर में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सात नवंबर से राज्य के विभिन्न हिस्सों में प्रतियोगिताओं की शुरुआत हो चुकी है। इस आयोजन में युवाओं की बड़ी भागीदारी का असम प्रदेश भाजपा ने स्वागत किया है। असम प्रदेश भाजपा की मीडिया पैनलिस्ट डॉ. कंकणा गोस्वामी ने रविवार को जारी बयान में यह जानकारी दी।
डॉ. कंकणा गोस्वामी ने बताया कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने कहा कि खेल महारण युवा पीढ़ी में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उनकी अंतर्निहित प्रतिभा को निखारने और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण मंच है।
बयान के अनुसार, राज्य के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में उभरते खिलाड़ियों की भागीदारी असम में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह को दर्शाती है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में खेल महारण स्थानीय स्तर पर छिपी प्रतिभाओं की पहचान और उनके विकास का प्रभावी मंच बनकर उभरा है। इसके तीसरे संस्करण के लिए अब तक 60 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है।
कई जिलों में मंत्रियों ने किया प्रतियोगिताओं का शुभारंभ
राज्य के विभिन्न हिस्सों में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रमों में असम सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों और विधायकों ने हिस्सा लिया। कैबिनेट मंत्री जयंत मल्लबरुवा ने नलबाड़ी के धमधमा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में पंचायत स्तर की प्रतियोगिताओं और बीटीसी के तहत तामुलपुर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में वीसीडीसी स्तर की प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मंत्री बिश्वजीत दैमारी भी उपस्थित रहे।
मंत्री पीयूष हजारिका ने ग्वालपारा जिले के दुधनोई स्थित उदयपुर खेल मैदान में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वहीं, मंत्री नीलिमा देवी ने मंगलदोई सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में प्रतियोगिताओं का औपचारिक उद्घाटन किया। मंत्री बिमल बोरा ने राजगढ़ में गांव पंचायत स्तर की प्रतियोगिताओं में शामिल होकर उभरते खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
खिलाड़ियों के लिए मुफ्त स्पोर्ट्स हॉस्टल और छात्रवृत्ति की घोषणा
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने 30 अक्टूबर को गुवाहाटी स्थित श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र के श्रीश्री दामोदर देव अंतरराष्ट्रीय प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में खेल महारण 3.0 के लोगो, मस्कट, जर्सी और थीम सांग का अनावरण किया था। इस दौरान उन्होंने बताया था कि गुवाहाटी के सरूसजाई और नेहरू स्टेडियम के पुनर्निर्माण के बाद विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभा के आधार पर चुने गए 1500 खिलाड़ियों के लिए स्पोर्ट्स हॉस्टल बनाया जाएगा। इसमें खिलाड़ियों के रहने और भोजन की व्यवस्था पूरी तरह मुफ्त होगी।
इसके अलावा राज्य के पांच हजार नवोदित खिलाड़ियों को चरणबद्ध तरीके से सालाना पांच हजार रुपये की छात्रवृत्ति देने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत 500 उभरते खिलाड़ियों का चयन कर उन्हें दो वर्षों तक वार्षिक आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।
वार्ड से राज्य स्तर तक प्रतिभा दिखाने का मिलेगा अवसर
डॉ. कंकणा गोस्वामी ने कहा कि खेल महारण की विकेंद्रीकृत प्रतियोगिता व्यवस्था खिलाड़ियों को वार्ड स्तर से लेकर गांव पंचायत, निर्वाचन क्षेत्र, जिला और राज्य स्तर तक अपनी प्रतिभा दिखाने का सुव्यवस्थित अवसर प्रदान करती है। इसमें एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, तैराकी, बॉक्सिंग, कबड्डी, योगासन और एक्वाथलॉन सहित विभिन्न खेल विधाओं को शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कि 12 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए शैशव खेल समारोह और 12 वर्ष या उससे अधिक उम्र के खिलाड़ियों के लिए खेल महारण की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसका उद्देश्य कम उम्र से ही खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें उचित प्रशिक्षण और प्रोत्साहन देना है।
इसके साथ ही छात्रवृत्ति, विशेष प्रशिक्षण और उन्नत प्रशिक्षण केंद्रों में अभ्यास की सुविधा के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।----------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

