पूसीरे ने मालीगांव स्थित नेताजी विद्यापीठ रेलवे एचएस स्कूल को किया अपग्रेड
गुवाहाटी, 17 अगस्त (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने मालीगांव स्थित नेताजी विद्यापीठ रेलवे हायर सेकेंडरी स्कूल में बड़े पैमाने पर इंफ्रास्ट्रक्चर को अपग्रेड किया है। इसका उद्देश्य छात्रों को आधुनिक, सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं प्रदान करना है। इस पहल के तहत, 20 क्लास रूम और आधुनिक क्लास रूम फर्नीचर के साथ एक नया जी प्लस 1 आरसीसी भवन बनाया गया है, जिससे स्कूल का शैक्षणिक अवसंरचना काफी उन्नत हुआ है।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया है कि इस अपग्रेडेशन के कार्यों में एक कवर्ड प्रार्थना शेड का निर्माण और सुबीर राहा मेमोरियल ऑडिटोरियम का नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण भी शामिल है। स्कूल भवन के बाहरी हिस्से को भी बेहतर बनाया गया है। इसमें एक नई कैनोपी और एक्सटेरियर पेंटिंग शामिल है, जिससे संस्थान को एक आधुनिक और बेहतर स्वरूप मिला है। इसके अलावा, अप्रोच रोड, मौजूदा कार्यालय और क्लास रूम, जल निकासी प्रणाली आदि में भी सुधार किए गए हैं।
नेताजी विद्यापीठ रेलवे हायर सेकेंडरी स्कूल की स्थापना 23 जनवरी, 1948 को महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस के सम्मान में की गई थी। इस संस्थान ने समय-समय पर कई जाने-माने पूर्व छात्र दिए हैं, जिनमें एनआईटी, सिलचर के पूर्व निदेशक डॉ. परितोष कंसा बनिक; वर्द्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, नई दिल्ली की पूर्व प्राचार्य डॉ. जयश्री भट्टाचार्जी और एफआईडीई रेटेड शतरंज खिलाड़ी राजीव धर शामिल हैं। पूसीरे द्वारा संचालित यह संस्थान छात्रों को सफल और उन्हें उत्कृष्टता हासिल करने तथा सशक्त बनाने की अपनी विरासत को बरकरार रखे हुए है।
15 अगस्त, 2026 को पूसीरे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने नवीनीकृत सुबीर राहा मेमोरियल ऑडिटोरियम, नव निर्मित क्लासरूम, प्रार्थना शेड और अपग्रेडेड अग्रभाग का उद्घाटन किया। यह व्यापक सुधार पूसीरे की उस निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके तहत शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और छात्रों के लिए शिक्षण का बेहतर माहौल बनाने का कार्यकिया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

