home page

एनईआरआईएसटी के छात्र संघ ने शुरू की भूख हड़ताल

 | 

इटानगर, 08 जून (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश उत्तर पूर्वी क्षेत्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी संस्थान (एनईआरआईएसटी) के छात्र संघ ने आज संस्थान के निदेशक प्रोफेसर एन. नरेंद्रनाथ के इस्तीफे के विरोध में भूख हड़ताल शुरू किया। संघ का आरोप है कि 29 मई को कुछ लोगों ने उनके कक्ष में घुसकर उनसे इस्तीफा मांगा, जिसके बाद उन्हें पद छोड़ने के लिए मजबूर किया गया।

संघ ने अधिकारियों के समक्ष तीन प्रमुख मांगें रखीं। उसने शिक्षा मंत्रालय से निदेशक का इस्तीफा रद्द करने की मांग की और दावा किया कि प्रोफेसर नरेंद्रनाथ ने अपने कार्यकाल के दौरान संस्थान के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

संघ ने 29 मई को हुई कथित घटना के दौरान निदेशक के कक्ष में रिकॉर्ड किए गए सीसीटीवी फुटेज को जारी करने की भी मांग की।

इसके अलावा, संघ ने राज्य सरकार से निदेशक को इस्तीफा देने के लिए मजबूर करने में कथित रूप से शामिल लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई शुरू करने का आग्रह किया।

यह विवाद शिक्षा मंत्रालय द्वारा संस्थान के रजिस्ट्रार और सहायक रजिस्ट्रार को कार्यालय कर्मचारियों की भर्ती में कथित अनियमितताओं और भर्ती नियमों के कथित उल्लंघन के आरोप में निलंबित करने के फैसले से उपजा है।

खबरों के मुताबिक, छात्र संघ ने निलंबन आदेशों का विरोध करते हुए दावा किया कि यह कार्रवाई उस ज्ञापन का उल्लंघन है जिसके तहत शिक्षा मंत्रालय से प्राप्त किसी भी आदेश को लागू करने से पहले संबंधित हितधारकों से परामर्श लेना आवश्यक था।

निदेशक ने कथित तौर पर जवाब दिया कि उन्होंने मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार ही कार्य किया है।

संस्थान परिसर में विरोध प्रदर्शन जारी रहा, जिसमें छात्र संघ ने मामले में पारदर्शिता और जवाबदेही की अपनी मांग दोहराई।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी