(अपडेट) कामाख्या में अंबुबासी महायोग मेले में लगभग आठ लाख श्रद्धालुओं का समागम
गुवाहाटी, 26 जून (हि.स.)। नीलाचल पहाड़ स्थित शक्तिपीठ मां कामाख्या मंदिर में आयोजित पवित्र अंबुबासी महायोग मेला-2026 का शुक्रवार को आध्यात्मिक वातावरण के बीच समापन हुआ। वार्षिक अनुष्ठान के बाद शुद्धिकरण, देवी स्नान और नित्य पूजा संपन्न होने के उपरांत मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। रातभर से दर्शन के लिए कतार में खड़े लाखों श्रद्धालुओं को सुबह से मंदिर में प्रवेश की अनुमति दी गई।
असम पर्यटन विभाग के अनुसार इस वर्ष अंबुबासी महायोग मेले में कुल 7,96,777 श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों ने भाग लिया, जिनमें 75 विदेशी श्रद्धालु भी शामिल रहे। पिछले वर्ष मेले में 7,72,019 श्रद्धालु आए थे, जिनमें 42 विदेशी श्रद्धालु शामिल थे। इस प्रकार इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
पर्यटन मंत्री अंजता नेओग ने श्रद्धालुओं की बढ़ी हुई संख्या पर संतोष व्यक्त करते हुए सभी भक्तों, साधु-संतों, तीर्थयात्रियों, देश-विदेश से आए पर्यटकों, सरकारी विभागों तथा सहयोगी स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अंबुबासी मेला केवल आस्था और आध्यात्मिकता का पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति के 'अतिथि देवो भव' के आदर्श का सशक्त प्रतीक भी है।
मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि अंबुबासी मेला भविष्य में भी असम की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाता रहेगा। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों और संस्थाओं के समन्वित प्रयासों से ही इतने विशाल आयोजन का सफल संचालन संभव हो पाया।
उल्लेखनीय है कि असम पर्यटन विभाग वर्ष 2013 से अंबुबासी मेले का आयोजन कर रहा है। प्रत्येक वर्ष इस अवसर पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु मां कामाख्या के दर्शन के लिए गुवाहाटी पहुंचते हैं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

