ब्रह्मपुत्र की तेज धार में गिरी 57 वर्षीय महिला को एनडीआरएफ ने बचाया
गुवाहाटी, 19 अगस्त (हि.स.)। प्रथम वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के जवानों ने बुधवार को गेटवे ऑफ गुवाहाटी के समीप ब्रह्मपुत्र नदी में फेरी बोट से गिरी 57 वर्षीय महिला को साहसिक एवं त्वरित अभियान चलाकर सुरक्षित बचा लिया।
लगभग 11:05 बजे महिला के नदी में गिरने की सूचना मिलने के बाद उत्तर गुवाहाटी के मध्यम खंडा घाट में तैनात एनडीआरएफ की सब टीम 1-एल को इंस्पेक्टर अनुराग कुमार सिंह के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। टीम ने विशेष जल-राहत एवं बचाव उपकरणों के साथ करीब 11:45 बजे घटनास्थल पर पहुंचकर तेज बहाव के बीच डाउनस्ट्रीम खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया।
करीब 12:10 बजे बचावकर्मियों ने घटनास्थल से लगभग 2.5 किलोमीटर नीचे महिला को नदी में देखा। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित अपने नियंत्रण में लिया और नदी से बाहर निकाला।
बचाई गई महिला की पहचान नलबाड़ी जिले के धूपरतल निवासी खांतेश्वरी खाटनियार (57) के रूप में हुई। महिला को लाचित घाट लाया गया, जहां असम पुलिस की एसआई सयनिका मेधी की मौजूदगी में उसे इमरजेंसी मेडिकल सर्विस के कर्मियों को चिकित्सकीय जांच और आवश्यक उपचार के लिए सौंप दिया गया।
एनडीआरएफ के इस अभियान ने तेज धारा और कठिन नौवहन परिस्थितियों के बीच बल की त्वरित प्रतिक्रिया, साहस, समन्वय और नदी बचाव अभियानों में पेशेवर दक्षता को प्रदर्शित किया।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

