home page

बिना संघर्ष के जीत हासिल करेगा एनडीए : देवाशीष शर्मा

 | 
बिना संघर्ष के जीत हासिल करेगा एनडीए : देवाशीष शर्मा


गुवाहाटी, 04 अक्टूबर (हि.स.)। नगांव लोकसभा उपचुनाव के लिए चुनाव प्रचार के अंतिम दिन रविवार को एनडीए उम्मीदवार देवाशीष शर्मा ने दावा किया कि इस चुनाव में कोई संघर्ष नहीं है और भाजपा के नेतृत्व वाला गठबंधन आसानी से जीत हासिल करेगा। उन्होंने विकास के हित में मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

शर्मा ने लाहोरीघाट विधानसभा क्षेत्र के मैराबारी सार्वजनिक पुस्तकालय में दोपहर तीन बजे आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि निर्वाचित होने के बाद वह नगांव लोकसभा क्षेत्र के विकास के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा द्वारा नगांव लोकसभा क्षेत्र के लोगों की ओर बढ़ाए गए मित्रता के हाथ को स्वीकार करने का भी आह्वान किया।

भाजपा समर्थित गठबंधन की चुनावी सभाओं में कम भीड़ होने संबंधी असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गौरव गोगोई की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शर्मा ने उन्हें अपने चश्मे का लेंस बदलने की सलाह दी।

एनडीए उम्मीदवार ने कहा कि चर-चापोरी क्षेत्रों की नई पीढ़ी में उम्मीद जगाने और उनके भविष्य को सुरक्षित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए दावा किया कि कांग्रेस केवल नगांव में ही नहीं, बल्कि पूरे देश में धीरे-धीरे अपना जनाधार खो रही है।

संवाददाता सम्मेलन में भाजपा की मोरीगांव जिला इकाई के अध्यक्ष राम प्रसाद सरकार सहित पार्टी के कई स्थानीय नेता उपस्थित रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश