असम के छह जिलों में उद्योगों को मिलेगी प्राकृतिक गैस की आपूर्ति, ऐतिहासिक समझौता संपन्न
गुवाहाटी, 23 जून (हि.स.)। असम के औद्योगिक और वाणिज्यिक क्षेत्र के लिए मंगलवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। राज्य सरकार की औद्योगिक विकास पहल के तहत पहली बार ऊपरी असम में उत्पादित प्राकृतिक गैस नॉर्थ ईस्ट गैस ग्रिड के माध्यम से असम के उत्तरी तटवर्ती क्षेत्रों से होते हुए बाईहाटा चारिआली तक पहुंचाई जाएगी। भविष्य में इस आपूर्ति को गुवाहाटी तथा राज्य के अन्य हिस्सों तक भी विस्तारित करने की योजना है।
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व तथा सदिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं नॉर्थ ईस्ट गैस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एनईजीडीसीएल) के अध्यक्ष बोलिन चेतिया के मार्गदर्शन में इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को हासिल किया गया है। यह पहल राज्य में उद्योगों और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को स्वच्छ, सस्ती और विश्वसनीय ऊर्जा उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
एलपीजी आपूर्ति संकट से जूझ रहे उद्योगों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए यह परियोजना बड़ी राहत लेकर आई है। प्रारंभिक चरण में दरंग, उदालगुड़ी, शोणितपुर, बिश्वनाथ, लखीमपुर और धेमाजी जिलों के औद्योगिक एवं वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिलेगा।
अधिकारियों के अनुसार, इन जिलों के उद्योगों और व्यवसायों को घरेलू स्तर पर उत्पादित प्राकृतिक गैस उपलब्ध होने से ईंधन लागत में कमी आएगी और पर्यावरण अनुकूल औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। यह पहल असम को उद्योग-अनुकूल और सतत विकास वाले राज्य के रूप में स्थापित करने में भी सहायक होगी।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के तहत एनईजीडीसीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज कुमार बरुवा ने मंगलवार को गैस आपूर्ति के लिए गेल (इंडिया) लिमिटेड के साथ गैस सेल एग्रीमेंट (जीएसए) पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता देश में आयातित एलपीजी पर निर्भरता कम करने तथा विदेशी मुद्रा भंडार के संरक्षण के केंद्र सरकार के प्रयासों को भी मजबूती प्रदान करेगा।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

