home page

आपसू चुनाव समिति और छात्र समुदाय को गृह मंत्री ने दी चेतावनी

 | 

इटानगर, 09 मार्च (हि.स.)। अखिल अरुणाचल प्रदेश छात्र संघ (आपसू) के चुनाव प्रक्रिया में जारी हिंसा पर चिंता व्यक्त करते हुए गृह मंत्री मामा नाटुंग ने छात्र समुदाय को चेतावनी दी और उनसे शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव कराने का आग्रह किया।

प्रदेश विधानसभा परिसर में मीडिया के एक प्रश्न का उत्तर देते हुए गृह मंत्री नाटुंग ने कहा कि यदि आपसू चुनाव समिति और छात्र समुदाय शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव कराने में विफल रहते हैं, तो राज्य सरकार डेरा नटुंग सरकारी कॉलेज को चुनाव केंद्र के रूप में रद्द करने के लिए बाध्य है, जो उनके अनुरोध पर प्रदान किया गया था।

उन्होंने कहा कि यदि संभव हुआ तो राज्य सरकार चुनाव के लिए तैनात सुरक्षाकर्मियों को भी वापस बुला लेगी।

गृह मंत्री ने बताया कि उन्होंने आपसू कार्यवाहक अध्यक्ष और सभी चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के साथ हिंसा और हिंसा के कारण जनता को हो रही समस्याओं के संबंध में बैठक किया था और उन्होंने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी थी कि यदि चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से नहीं कराए जाते हैं, तो डेरा नटुंग सरकारी कॉलेज में चुनाव कराने के लिए दी गई अनुमति रद्द कर दी जाएगी।

उन्होंने सभी छात्रों और उम्मीदवारों से चुनाव प्रक्रिया के दौरान शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की हिंसा से बचने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी