कामरूप मेट्रो जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ
गुवाहाटी, 10 अगस्त (हि.स.)।
असम के अन्य जिलों की तरह कामरूप (मेट्रो) जिले में भी आज राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ किया गया। 1 वर्ष से 19 वर्ष तक के बच्चों को कृमि-मुक्त करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम हर साल दो बार (अगस्त और फरवरी महीने में) आयोजित किया जाता है।
जिले में 1 से 19 वर्ष की आयु के कुल 1,06,893 बच्चों को आज से 17 अगस्त के बीच सरकारी विद्यालयों और आंगनवाड़ी केंद्रों में कृमिनाशक एलबेंडाजोल की गोली खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अलावा, जो बच्चे स्कूल नहीं जाते हैं या स्कूल छोड़ चुके हैं, स्वास्थ्य विभाग द्वारा उन्हें भी इस कार्यक्रम के तहत शामिल किया जाएगा और आशा कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर यह गोली दी जाएगी।
जिले के आंगनवाड़ी केंद्रों और विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के बीच शौचालय के उपयोग, साफ-सुथरे तरीके से हाथ धोने की आदत विकसित करने और शुद्ध पेयजल के सेवन के महत्व पर भी जागरूकता पैदा की जाएगी।
गुवाहाटी के सातगांव शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर में आयोजित आज के कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कामरूप (मेट्रो) जिले के जिला विकास आयुक्त मनजीत बोरकाकती ने सभा में उपस्थित सभी अभिभावकों से आग्रह किया कि वे निर्धारित समय के भीतर अपने बच्चों को यह कृमिनाशक गोली अवश्य खिलाएं।
कार्यक्रम में संयुक्त स्वास्थ्य सेवा निदेशक, अपर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (परिवार कल्याण), जिला टीकाकरण अधिकारी, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन असम के पोषण सलाहकार, शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिला और खंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

