home page

स्थानीय जनता की अनुमति के बिना बांध का निर्माण संभव नहीं- मुख्यमंत्री खांडू

 | 
स्थानीय जनता की अनुमति के बिना बांध का निर्माण संभव नहीं- मुख्यमंत्री खांडू




-प्रेस क्लब ऑफ इंडिया की अध्यक्ष ने अरुणाचल में 'प्रेस दिवस' के आयोजन की सराहना की

इटानगर, 16 नवंबर (हि.स)। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के मौके पर आज इटानगर के स्टेट बैंक्वेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पेमा खांडू मुख्य अतिथि एवं सम्मानित अतिथि के तौर पर प्रेस क्लब ऑफ इंडिया की अध्यक्ष संगीता बी. पिशारोती शामिल हुईं। इस मौके पर अरुणाचल प्रदेश से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई, जिनमें 'सियांग अपर मल्टीपर्पज प्रोजेक्ट', अरुणाचल प्रदेश में चीनी सेना की घुसपैठ और राजधानी क्षेत्र में सड़क निर्माण में हो रही देरी जैसे गंभीर सवाल उठाए गए।

'सियांग अपर मल्टीपर्पज प्रोजेक्ट' से जुड़े सवालों पर मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने कहा कि बांध के निर्माण को लेकर अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थानीय जनता की अनुमति के बिना कहीं भी बांध बनाना संभव नहीं है। हालांकि, उन्होंने बताया कि 'सियांग अपर मल्टीपर्पज प्रोजेक्ट' एक राष्ट्रीय परियोजना है, जिसे 2008 में केंद्र सरकार ने प्रस्तावित किया था। यह प्रस्ताव सियांग नदी के ऊपरी हिस्से में चीन द्वारा बनाए जा रहे 60,000 मेगावाट के विशाल बांध को ध्यान में रखते हुए लाया गया था।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना राष्ट्रीय हित में है, और हमें इस बात का भी ध्यान रखना होगा कि अगर चीन इस पानी का इस्तेमाल जल बम के रूप में करता है, तो क्या होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पूरी तरह तैयार है और सियांग क्षेत्र के लोगों के लिए इस मुद्दे पर चर्चा करने और समाधान निकालने के रास्ते हमेशा खुले हैं।

वहीं प्रेस क्लब ऑफ इंडिया की अध्यक्ष संगीता बी. पिशारोती ने अरुणाचल प्रेस क्लब द्वारा 'राष्ट्रीय प्रेस दिवस' के भव्य आयोजन की तारीफ की। उन्होंने प्रेस की स्वतंत्रता और खुली चर्चाओं के महत्व पर जोर दिया।

पिशारोती ने सवालों का जवाब देने के लिए मुख्यमंत्री पेमा खांडू की सराहना की। साथ ही, उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के सामने आने वाली उन चुनौतियों का भी जिक्र किया, जो राज्य की सीमावर्ती स्थिति और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के कारण पैदा होती हैं।

मीडिया की जवाबदेही पर जोर देते हुए पिशारोती ने कहा कि पत्रकारों को जनता का भरोसा जीतना चाहिए और खुद को जवाबदेह बनाए रखना चाहिए, क्योंकि एक लोकतंत्र में जिम्मेदार पत्रकारिता लोगों को सही फैसले लेने में मदद करती है। उन्होंने उन मीडिया समूहों की ओर भी इशारा किया जिन्हें 'गोदी मीडिया' कहा जाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी