कोकराझार में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का जिला स्तरीय शुभारंभ
कोकराझार (असम), 12 सितम्बर (हि.स.)। कोकराझार स्थित बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आज 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के तहत जिला स्तरीय उद्घाटन-सह-अभिसरण बैठक आयोजित की गई। इस वर्ष पोषण माह का मुख्य विषय “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” रखा गया है।
बैठक की अध्यक्षता डब्ल्यूसीडी, बीटीसी, कोकराझार की सचिव पामी ब्रह्म ने की। कार्यक्रम में एनएचएम, आयुष, एएसआरएलएम, कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), पीएचई, वॉश कंसल्टेंट, एनआरसी के डाइटिशियन, सीडीपीओ, पर्यवेक्षक, डीएचईडब्ल्यू टीम सहित विभिन्न संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए पामी ब्रह्म ने राष्ट्रीय पोषण माह के उद्देश्यों एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए जमीनी स्तर पर पोषण संबंधी परिणामों में सुधार के लिए विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित विभागों को पूरे माह चलने वाले अभियान के दौरान सार्थक, परिणामोन्मुखी एवं समन्वित गतिविधियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर जिला पोषण समन्वयक ने पोषण माह 2026 की गतिविधि मैट्रिक्स एवं कार्ययोजना प्रस्तुत की। इसमें प्रस्तावित कार्यक्रमों, विभागवार जिम्मेदारियों, अभिसरण पहलों तथा अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन की रणनीतियों की जानकारी दी गई।
राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के तहत पांच प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इनमें प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थों, मोटे अनाज एवं दालों के माध्यम से आहार विविधता और पर्याप्त प्रोटीन को बढ़ावा देना, आंगनवाड़ी केंद्रों में ताजा एवं गर्म पका हुआ भोजन सुनिश्चित करना तथा एसएनपी मेन्यू बोर्ड प्रदर्शित करना शामिल है। इसके अलावा आंगनवाड़ी प्रबंधन समितियों को सक्रिय कर सामुदायिक भागीदारी एवं जवाबदेही मजबूत करने, बच्चों के जीवन के पहले छह वर्षों में मस्तिष्क विकास पर विशेष जोर देते हुए प्रारंभिक बाल देखभाल, शिक्षा एवं उत्तेजना को बढ़ावा देने तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) के 10 वर्ष पूरे होने के अवसर पर गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली महिलाओं के लिए संतृप्ति अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया है।
बैठक के दौरान खुली चर्चा एवं संवाद सत्र का भी आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव, जारी पहलों तथा पोषण माह की गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संभावित अभिसरण क्षेत्रों पर विचार साझा किए। बैठक में जिलेभर में पोषण माह को प्रभावी एवं जनभागीदारी आधारित अभियान के रूप में संचालित करने पर विशेष बल दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

