home page

असम डॉन बॉस्को विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह का राज्य स्तरीय समारोह आयोजित

 | 
असम डॉन बॉस्को विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह का राज्य स्तरीय समारोह आयोजित


गुवाहाटी, 14 नवंबर (हि.स.)। असम के सोनापुर स्थित असम डॉन बॉस्को विश्वविद्यालय में शनिवार को राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2026 का राज्य स्तरीय समारोह उत्साह और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (पीसीआई), नई दिल्ली के तत्वावधान में आयोजित इस समारोह का मुख्य विषय 'स्वस्थ भारत : एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध का मुकाबला' रखा गया था। कार्यक्रम में असम और मेघालय के 34 प्रमुख फार्मेसी संस्थानों के करीब 2,000 विद्यार्थियों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद पारंपरिक बिहू नृत्य के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष जशुभाई हीराभाई चौधरी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों और विकासात्मक पहलों से पूर्वोत्तर सहित देश की सामाजिक व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव आया है। बड़ी संख्या में फार्मासिस्टों और विद्यार्थियों का एक मंच पर एकत्र होना देश की प्रगति का परिचायक है।

इस अवसर पर असम डॉन बॉस्को विश्वविद्यालय के कुलपति फादर डॉ. जोस पालेली के प्रति आयोजन के लिए मंच उपलब्ध कराने हेतु आभार व्यक्त किया गया। समारोह में असम प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता रंजीब शर्मा, पीसीआई के राष्ट्रीय समन्वयक मोहम्मद बशीर, मेघालय से पीसीआई सदस्य एंटनी लालू तथा असम फार्मेसी काउंसिल के अध्यक्ष, सचिव, रजिस्ट्रार और अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थियों के बीच पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता आयोजित की गई। पुरस्कार वितरण समारोह में संस्कार भारती, उत्तर असम प्रांत के प्रांत प्रचार प्रमुख शैलेंद्र पांडे मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भारतीय पौराणिक परंपरा का उल्लेख करते हुए भगवान हनुमान द्वारा लक्ष्मण के प्राण बचाने के लिए संजीवनी बूटी लाने के प्रसंग से फार्मासिस्टों की भूमिका को जोड़ा। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों के प्रयास और मरीजों के उपचार में फार्मासिस्टों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।

पांडे ने कहा कि दवाओं का सही मात्रा और निर्धारित मानकों के अनुरूप उपयोग ही उन्हें जीवनदायिनी बनाता है, जबकि गलत उपयोग नुकसानदेह हो सकता है। उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान असम के फार्मासिस्टों द्वारा दी गई सेवाओं की सराहना की और नए फार्मासिस्टों से सेवा भावना एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

समापन सत्र में राज्य संयोजक, पीसीआई सदस्य एवं असम सरकार के फार्मेसी विभाग के उप निदेशक सुधीर चंद्र साहा ने आयोजन की सफलता में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने फार्मासिस्टों और विद्यार्थियों से एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध (एएमआर) तथा दवाओं के तर्कसंगत उपयोग के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने की अपील की।

उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं के माध्यम से सामूहिक प्रयासों से स्वस्थ असम और समृद्ध भारत के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया। जन-जागरूकता बढ़ाने और मीडिया के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ ही समारोह का समापन हुआ।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश