असम में राष्ट्रीय दुग्ध दिवस मनाया गया
गुवाहाटी, 26 नवंबर (हि.स.)। भारत में श्वेत क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज कुरियन की जयंती के अवसर पर गुरुवार को असम में राष्ट्रीय दुग्ध दिवस मनाया गया। असम सरकार के पशुपालन एवं पशु चिकित्सा विभाग तथा दुग्ध विकास निदेशालय के संयुक्त तत्वावधान में दिसपुर स्थित लोक निर्माण विभाग के सम्मेलन एवं प्रशिक्षण केंद्र में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पशुपालन एवं पशु चिकित्सा मंत्री नीलीमा देवी ने दुग्ध क्षेत्र के विकास तथा पशुपालकों के सामाजिक-आर्थिक उत्थान पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि असम सरकार राज्य को दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादन करने वाली सहकारी समितियों को सम्मानित किया गया। बरपेटा जिले की देवकुरा नवजागरण समाज दुग्ध सहकारी समिति को प्रथम पुरस्कार, मोरीगांव की सीताजखला तथा बंगाईगांव की प्रगति दुग्ध सहकारी समितियों को संयुक्त रूप से द्वितीय पुरस्कार और ज्योतिर्मय तथा तातिकता दुग्ध सहकारी समितियों को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
इसके अलावा सफल महिला पशुपालकों तथा उद्यमियों तनुमाया सोनार विश्वकर्मा, चम्पा देवी दास, कौशल्या देवी चौहान और संजू देवी को भी सम्मानित किया गया।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

