मेडिकल कॉलेज में नलबाड़ी के विद्यार्थियों के पिछड़ने पर मुख्यमंत्री ने जताई चिंता, सामूहिक आत्ममंथन की जरूरत बताई
गुवाहाटी, 15 नवंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को नलबाड़ी के विद्यार्थियों के मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के मामले में पिछड़ने पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जब बाघबर और जनिया के चर क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थी नलबाड़ी के विद्यार्थियों को पीछे छोड़कर मेडिकल कॉलेजों में सीट हासिल करते हैं, तो समाज के लिए गंभीरता से आत्ममंथन करने का समय आ जाता है।
मुख्यमंत्री ने नलबाड़ी के घग्रापार स्थित 130 वर्ष पुराने दतरा प्राथमिक विद्यालय के पूर्व छात्र सम्मेलन में हिस्सा लेते हुए यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि नलबाड़ी जैसी बौद्धिक रूप से जागरूक नगरी के विद्यार्थियों की तुलना में चर क्षेत्रों के विद्यार्थियों का मेडिकल कॉलेजों में बेहतर प्रदर्शन करना एक ऐसा विषय है, जिस पर पूरे समाज को सामूहिक रूप से विचार करना चाहिए।
उन्होंने शैक्षणिक क्षेत्र में स्थानीय विद्यार्थियों के पिछड़ने के कारणों पर विचार करने और शिक्षा के स्तर में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने की जरूरत पर जोर दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विद्यालय के पूर्व छात्र-छात्राओं के साथ संवाद भी किया तथा विद्यालय के 130 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित सम्मेलन में भाग लिया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने नलबाड़ी स्थित कुमार भास्कर वर्मा संस्कृत एवं पुरातन अध्ययन विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भी हिस्सा लिया।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

