प्रचार के अंतिम दिन नगांव में 2,309 बूथों पर भाजपा की पदयात्रा
गुवाहाटी, 04 अक्टूबर (हि.स.)। नगांव लोकसभा उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दिन रविवार को पूरे लोकसभा क्षेत्र में भाजपा ने 2,309 बूथों पर पदयात्रा का आयोजन किया। इस दौरान हजारों पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक और मतदाता हाथों में भगवा झंडे लेकर सड़कों पर उतरे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया, भाजपा तथा एनडीए प्रत्याशी देवाशीष शर्मा के समर्थन में नारे लगाए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया, मंत्री जयंत मल्लबरुवा और शशिकांत दास ने राहा में पदयात्रा में हिस्सा लिया। एनडीए प्रत्याशी देवाशीष शर्मा ने मैराबाड़ी में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया, जबकि प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री रवीन्द्र राजू नगांव शहर में मौजूद रहे।
विधायक प्रद्युत बरदलै ने वोटाईपाथरी और ननै में, विधायक दिप्लुरंजन शर्मा ने सामागुड़ी में तथा विधायक रमाकांत देउरी और पल्लव लोचन दास ने मोरीगांव में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। विधायक रूपक शर्मा ने युवा मोर्चा की बाइक रैली में भाग लिया।
मंत्री पीयूष हजारिका ने लाहरीघाट और जागीरोड विधानसभा क्षेत्रों में कई चुनावी सभाओं को संबोधित कर देवाशीष शर्मा के पक्ष में प्रचार किया।
भाजपा की ओर से जारी बयान में कहा गया कि बूथ स्तर पर आयोजित पदयात्राओं में पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों की भागीदारी रही। पार्टी ने इसे अपने चुनावी अभियान के अंतिम दिन व्यापक संगठनात्मक गतिविधि के रूप में बताया।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

