नगांव लोकसभा उपचुनाव में 76.19 प्रतिशत मतदान, शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई वोटिंग
गुवाहाटी, 07 अक्टूबर (हि.स.)। नगांव लोकसभा सीट के लिए 6 अक्टूबर को हुए उपचुनाव में 76.19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। नगांव और मोरीगांव निर्वाचन जिलों से बुधवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह 7 बजे शुरू हुआ मतदान शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।
निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, मतदान के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। नागरिकों ने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांग मतदाताओं तथा अन्य मतदाताओं की सुविधा के लिए मतदान केंद्रों पर आवश्यक सहायता एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
सामान्य पर्यवेक्षक के अवलोकन के अनुसार, किसी भी मतदान केंद्र पर पुनर्मतदान कराने की आवश्यकता नहीं है।
असम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग गोयल ने उपचुनाव में सक्रिय भागीदारी और सहयोग के लिए नगांव लोकसभा क्षेत्र के मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने मतदान प्रक्रिया में तैनात मतदानकर्मियों, सुरक्षा बलों और अन्य सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों की भी सराहना की।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि इन सभी के समर्पण और अथक प्रयासों से उपचुनाव का मतदान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सका।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

