नगांव उपचुनाव गौरव गोगोई के आत्मसम्मान की अंतिम लड़ाई: भाजपा
गुवाहाटी, 16 सितंबर (हि.स.)। भाजपा असम प्रदेश के प्रवक्ता डॉ. देवजीत महंत ने बुधवार को नगांव लोकसभा उपचुनाव को असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई के लिए “आत्मसम्मान की अंतिम लड़ाई” करार दिया। भाजपा असम प्रदेश मुख्यालय में आज आयोजित संवाददाता सम्मेलन में महंत ने कांग्रेस द्वारा शिवामणि बोरा को उम्मीदवार बनाए जाने पर निशाना साधते हुए कहा कि महत्वपूर्ण अल्पसंख्यक आबादी वाली नगांव लोकसभा सीट गोगोई के लिए 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले आखिरी राजनीतिक उम्मीद बनी हुई है।
महंत ने 2026 के जोरहाट विधानसभा चुनाव में गौरव गोगोई की हार का उल्लेख करते हुए दावा किया कि ऊपरी, निचले, मध्य और उत्तर असम में स्वदेशी मतदाताओं के प्रभुत्व वाली एक भी सीट कांग्रेस नहीं जीत सकी। उन्होंने गोगोई के पिता और असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के पुराने बयान का भी उल्लेख किया और आरोप लगाया कि कांग्रेस अब उसी बदरुद्दीन अजमल या अल्पसंख्यक समुदाय के समर्थन की तलाश में है।
देवाशीष शर्मा के भाजपा में शामिल होने और चुनाव लड़ने को लेकर गौरव गोगोई के सवालों का जवाब देते हुए महंत ने कांग्रेस शासन के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के राजनीति में आने के उदाहरण गिनाए। उन्होंने एमजीवीके भानू, ईश्वर प्रसन्न हजारिका और पूर्व आईपीएस अधिकारी ब्रजेन्जित सिन्हा का उल्लेख करते हुए पूछा कि कांग्रेस के मामले में यह स्वीकार्य है तो भाजपा के मामले में इसे अपराध क्यों माना जा रहा है।
महंत ने 2021 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस द्वारा एआईयूडीएफ के साथ बनाए गए महागठबंधन का भी जिक्र किया। उन्होंने 108 एंबुलेंस सेवा को लेकर गौरव गोगोई की टिप्पणी पर भी सवाल उठाए।
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पर 2001 से 2015 के बीच असम में 236 से अधिक एक सींग वाले गैंडों की मौत के लिए जिम्मेदार होने का आरोप लगाया। इसके विपरीत उन्होंने भाजपा नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के कार्यकाल में संरक्षण के प्रयासों को रेखांकित करते हुए दावा किया कि दुनिया की एक सींग वाले गैंडों की कुल आबादी का करीब 80 प्रतिशत हिस्सा अब असम के संरक्षित क्षेत्रों में पाया जाता है।
महंत ने यह भी दावा किया कि नगांव के अल्पसंख्यक मतदाताओं की सोच में बदलाव आया है और वे विकास तथा सामाजिक सुधारों के मुद्दे पर भाजपा का समर्थन करेंगे। उन्होंने बाल विवाह और बहुविवाह की रोकथाम तथा तीन तलाक के उन्मूलन को महिलाओं के जीवन में बदलाव लाने वाले कदम बताया।
महंत ने अंत में दावा किया कि नगांव उपचुनाव में गौरव गोगोई को हार का सामना करना पड़ेगा और भाजपा नीत एनडीए विकास को केंद्र में रखकर चुनाव में बड़ी जीत दर्ज करेगा।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

