home page

मणिपुर विधानसभा सत्र से नगा विधायकों का बहिष्कार, लेइलोन वैफेई हत्याकांड में न्याय की मांग

 | 
मणिपुर विधानसभा सत्र से नगा विधायकों का बहिष्कार, लेइलोन वैफेई हत्याकांड में न्याय की मांग


इंफाल, 07 सितंबर (हि.स.)। मणिपुर के नगा विधायकों ने सोमवार को विधानसभा के जारी सत्र की अंतिम बैठक का बहिष्कार किया। विधायकों ने लेइलोन वैफेई के कथित अपहरण और हत्या के मामले में न्याय तथा निष्पक्ष जांच की मांग की।

नगा विधायक अवांगबो न्यूमैई ने आज कहा कि मामले में न्याय सुनिश्चित नहीं होने के विरोध में विधायकों ने सदन की कार्यवाही में शामिल नहीं होने का फैसला किया।

न्यूमैई ने आरोप लगाया कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों में कुकी नेशनल फ्रंट-पी (केएनएफ-पी) के एक नेता की कथित संलिप्तता सामने आई है और दावा किया कि उक्त व्यक्ति उपमुख्यमंत्री नेमचा किपगेन के पति हैं। उन्होंने पूरे मामले की गहन जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की।

नगा विधायकों ने यह भी मांग की कि जांच पूरी होने तक नेमचा किपगेन को उपमुख्यमंत्री पद से हटाया जाए।

यह घटनाक्रम मणिपुर में सशस्त्र समूहों और नागरिकों पर हमलों से जुड़े आरोपों को लेकर जारी राजनीतिक तनाव के बीच सामने आया है। इससे पहले उपमुख्यमंत्री लोसी डिखो समेत नौ नागा विधायकों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर कुकी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

लेइलोन वैफेई की कथित हत्या का मामला नगा विधायकों के लिए प्रमुख मुद्दा बन गया है। वे घटना की स्वतंत्र जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

मणिपुर की 12वीं विधानसभा के आठवें सत्र की शुरुआत 2 सितंबर को हुई थी और सोमवार को इसका अंतिम दिन था।

हालांकि, नेमचा किपगेन के पति और के एनएफ-पी के खिलाफ लगाए गए आरोप अभी सिद्ध नहीं हुए हैं। इन आरोपों की पुष्टि जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश