विक्रम के शव को लाया गया इंफाल, परिजनों ने की दोषियों को कड़ी सजा देने की माग
इंफाल, 09 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली में कथित हमले के बाद जान गंवाने वाले प्रसिद्ध मणिपुरी संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह का पार्थिव शरीर बुधवार को इंफाल लाया गया। इम्फाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर परिवार के सदस्यों, मित्रों और बड़ी संख्या में शुभचिंतकों ने उन्हें अंतिम विदाई दी।
विक्रम के पार्थिव शरीर के पहुंचते ही एयरपोर्ट पर माहौल गमगीन हो गया। परिजन और समर्थक भावुक नजर आए तथा कई लोगों की आंखों से आंसू छलक पड़े।
उल्लेखनीय है कि विक्रम पर 7 सितंबर को दिल्ली के सनलाइट कॉलोनी इलाके में कथित तौर पर हमला किया गया था। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है।
पार्थिव शरीर लेने के बाद विक्रम के भाई चोंगथम विवेक ने कहा कि यह घटना परिवार के लिए बेहद पीड़ादायक है और उनके निधन से मणिपुर के साथ-साथ पूरे संगीत जगत को अपूरणीय क्षति हुई है।
विवेक ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जांच और कानूनी प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जाना चाहिए, ताकि दोषियों को कानून के तहत सख्त सजा मिल सके।
घटना को लेकर मणिपुर में लोगों में आक्रोश बना हुआ है। विभिन्न वर्गों से मामले में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है।
विक्रम के पार्थिव शरीर को इंफाल पश्चिम स्थित थांगमेइबंद लौरुंगपुरेल स्थित उनके आवास ले जाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।
न्याय की मांग के बीच समर्थकों ने ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

