home page

सिपाझार के जयंतीपुर में धारदार हथियार से हमला कर एक व्यक्ति की हत्या

 | 

-घटनास्थल के पास मिली मृतक की साइकिल; पुलिस जांच में जुटी

दरंग (असम), 04 नवम्बर (हि.स.)। असम के सिपाझार क्षेत्र के जयंतीपुर में बीती रात एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आयी है। जयंतीपुर के बोरो चूबा में अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर एक व्यक्ति की निर्मम हत्या कर दी। मृतक की पहचान बिष्णुपुर निवासी रोज अली के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने जयंतीपुर के बोरो चूबा में रोज अली को खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ देखा। घटनास्थल के पास ही उनकी साइकिल भी पड़ी मिली, जिसका इस्तेमाल वह आवागमन के लिए करते थे। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।

किसने और किस वजह से इस नृशंस हत्या को अंजाम दिया, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

स्थानीय लोगों के आरोपों के मुताबिक, उक्त स्थान पर लंबे समय से अवैध देसी शराब का अड्डा संचालित हो रहा है। हालांकि, इस कथित अवैध शराब के अड्डे और हत्या की घटना के बीच किसी तरह का संबंध है या नहीं अभी पुष्टि नहीं हुई है।

बताया जाता है कि मृतक रोज अली दो बच्चों के पिता थे। इस निर्मम हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं पूरे इलाके में भय और शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस जांच के बाद ही हत्याकांड की असली वजह और इसमें शामिल लोगों के बारे में जानकारी सामने आ सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा