home page

करीब एक माह बाद हत्या का आरोपित गिरफ्तार

 | 

गुवाहाटी, 29 जुलाई (हि.स.)। गुवाहाटी पुलिस ने हत्या के एक मामले में लगभग एक माह से फरार चल रहे आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

ईस्ट गुवाहाटी पुलिस जिला के अनुसार, 02 जुलाई, 2026 को कृष्णानगर, जापोरीगोग निवासी अब्दुल कय्यूम खान की शिकायत पर दिसपुर थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 103(1) के तहत मामला संख्या 486/2026 दर्ज किया गया था।

पुलिस के अनुसार, 02 जुलाई की तड़के उज्वल नगर, काहिलीपाड़ा में अब्दुल रज्जाक और खानिन दास के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। इस दौरान अब्दुल रज्जाक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल दिसपुर पॉलीक्लिनिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने लगातार प्रयास करते हुए विश्वसनीय सूचना के आधार पर 27 जुलाई को बरपेटा पुलिस की सहायता से बरपेटा जिले के मेटुआकुची शांतिनगर निवासी 37 वर्षीय खानिन दास को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपित को आज न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश