मणिपुर में अलग-अलग कार्रवाइयों में गिरफ्तारी, नशीले पदार्थ जब्त व तोड़फोड़ मामले में पांच गिरफ्तार
इंफाल, 28 अप्रैल (हि.स.)। मणिपुर में बीते 24 घंटे में पुलिस और सुरक्षा बलों ने अलग-अलग अभियानों में नशीले पदार्थों की तस्करी और तोड़फोड़ से जुड़े मामलों में कई लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस प्रवक्ता ने आज बताया कि इंफाल पश्चिम जिले के लमसांग थाना अंतर्गत हिमालयन टाइल्स पुलिस चेक प्वाइंट पर नियमित जांच के दौरान पुलिस ने 24 वर्षीय मारकोनी निंगथौजम को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से करीब 1.1 किलोग्राम संदिग्ध गांजा बरामद किया गया।
एक अन्य कार्रवाई में इंफाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा बलों ने बेंगलुरु जा रहे दो यात्रियों को हिरासत में लिया। दोनों आरोपित इंफाल पश्चिम जिले के मायांग इंफाल क्षेत्र के निवासी हैं। उनकी पहचान बेंगून लौबुक लैकाई निवासी असलम खान (39) और फौबकचाओ मखा लैकाई निवासी चेसाम अमीर (31) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 84 ग्राम संदिग्ध हेरोइन नंबर-4 बरामद की गई।
इसी क्रम में बिष्णुपुर जिले के मोइरांग थाना अंतर्गत मोइरांग पटलोउ में पुलिस ने एक ट्रक पर हमला कर उसमें लदे उर्वरक की बोरियों को नष्ट करने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपितों की पहचान लैशराम अविजीत सिंह (25), ख्वैराकपम धनश्वर सिंह (25), एलेक्स मोइरांगथेम (25), फाइरेम्बम कैजर सिंह (36) और सनाबम चाओबा मैतेई (48) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चार दोपहिया वाहन भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, सभी मामलों में आगे की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

