सांसद आग से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की
सांसद ने आग प्रभावित परिवारों से की मुलाकात इटानगर, 18 नवंबर (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के राज्यसभा सांसद ताई तागाक ने कुरुंग कुमे जिले के पारसी-पारलो में आग से प्रभावित परिवारों से आज मुलाकात की।
उन्होंने स्थिति का जायजा लेने और नुकसान का आकलन करने के लिए राहत शिविर में प्रभावित परिवारों से बातचीत की।
इस दौरान, तागाक ने उन परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की, जिन्होंने इस दुखद घटना में अपने अपनों को खो दिया। इस घटना में चार लोगों की जान चली गई थी और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने मुख्यमंत्री पेमा खांडू की ओर से भी शोक व्यक्त किया। सांसद ने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन द्वारा सौंपी गई रिपोर्ट के आधार पर राज्य सरकार उन्हें हर संभव मदद देगी।
तत्काल राहत के तौर पर, प्रभावित परिवारों को चावल, कंबल और बर्तन जैसी जरूरी चीजें दी गईं, साथ ही कुछ आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। जान गंवाने वाले चार लोगों के परिवारों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि दी गई, जबकि जिन परिवारों के घर आग में पूरी तरह जल गए थे, उन्हें 25-25 हजार रुपये की सहायता दी गई।
सांसद के साथ भाजपा कुरुंग कुमे जिला अध्यक्ष फासांग बांघी, जिला परिषद अध्यक्ष बाके यामा यांगदा, पारसी-पारलो के सहयोग उपयोग नबाम ताजिक और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
तागाक ने इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के प्रति एकजुटता जताई और उन्हें भरोसा दिलाया कि इस संकट से उबरने और अपना जीवन फिर से बसाने में उन्हें हर संभव मदद और समर्थन दिया जाएगा।
आग की इस घटना में एक ही परिवार के चार लोगों (जिनमें तीन बच्चे और एक महिला शामिल हैं) की मौत हो गई और लगभग 25 घर जलकर राख हो गए।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

