home page

कामरूप में सांसद बिजुली कलिता मेधी ने की दिशा बैठक की अध्यक्षता

 | 
कामरूप में सांसद बिजुली कलिता मेधी ने की दिशा बैठक की अध्यक्षता


कामरूप (असम), 28 सितंबर (हि.स.)। गुवाहाटी की सांसद बिजुली कलिता मेधी की अध्यक्षता में सोमवार को कामरूप जिले की जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में चल रही प्रमुख बुनियादी ढांचा और विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में कमलपुर के विधायक दिगंत कलिता, चमरिया के विधायक रेकिबुद्दीन अहमद, बोको-छयगांव के विधायक राजू मेच और पालाशबाड़ी के विधायक हिमांशु शेखर बैश्य तथा कामरूप के आयुक्त देव कुमार मिश्र मौजूद रहे।

बैठक में गुवाहाटी रिंग रोड परियोजना की योजना और ताजा प्रगति पर विस्तृत चर्चा हुई। दूसरे सराईघाट रेल-सह-सड़क पुल के निर्माण की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने परियोजना के समय पर क्रियान्वयन में आ रही विभिन्न चुनौतियों और बाधाओं की जानकारी दी।

समिति ने वीबी-जी राम जी तथा अन्य विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रगति पर भी चर्चा की। एनएचआईडीसीएल, राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग (सड़क एवं भवन), कृषि, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, समाज कल्याण और शिक्षा विभाग सहित संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं की स्थिति पर प्रस्तुतियां दीं।

सांसद मेधी ने अधिकारियों को सभी चल रही परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के कारण आम लोगों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए और परियोजनाओं से संबंधित बाधाओं का तत्काल समाधान किया जाना चाहिए।

उन्होंने संबंधित विधायकों के समन्वय से जनसमस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। आयुक्त मिश्र ने परियोजनाओं और योजनाओं के सुचारू क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित विभागों एवं हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया।

बैठक में कामरूप जिला परिषद के अध्यक्ष निपोन भुइयां, मुख्य कार्यकारी अधिकारी सिद्धार्थ गोस्वामी, अतिरिक्त उपायुक्त गीताश्री लाचित और विश्वजीत सैकिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश