मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर असम अभियान सोसाइटी और गौहाटी विश्वविद्यालय के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर
गुवाहाटी, 23 जुलाई (हि.स.)। असम के औद्योगिक क्षेत्र में आत्मनिर्भरता, कौशल विकास, अनुसंधान, प्रशिक्षण और नवाचार को सशक्त बनाने के उद्देश्य से राज्य के उद्योग, वाणिज्य एवं सार्वजनिक उपक्रम विभाग के अधीन संचालित 'मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर असम अभियान' सोसाइटी तथा गौहाटी विश्वविद्यालय के 'व्यवसाय प्रशासन विभाग' के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।
उल्लेखनीय है कि इस समझौते के तहत नए उद्योग स्थापित करने के लिए आवश्यक ज्ञान, कौशल, प्रशिक्षण, मेंटरशिप, अनुसंधान, परामर्श कार्यक्रम, कार्यशालाओं, संगोष्ठियों और अन्य सहयोगात्मक गतिविधियों को लागू करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे।
समझौता ज्ञापन पर अपने विचार व्यक्त करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर ननी गोपाल महन्त ने कहा, इस समझौते के तहत उद्योग स्थापना के लिए आवश्यक ज्ञान एवं कौशल प्रदान करने, प्रशिक्षण, मेंटरशिप, अनुसंधान, परामर्श कार्यक्रमों, कार्यशालाओं, संगोष्ठियों और अन्य सहयोगी कार्यक्रमों को लागू करने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे। साथ ही, यह समझौता 'मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर असम अभियान' के 'सीएम फेलोज़' के क्षमता निर्माण, अनुसंधान और नीति-आधारित शिक्षण कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में भी एक सहायक भूमिका निभाएगा।
इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रोफेसर उत्पल शर्मा, व्यवसाय प्रशासन विभाग की अध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. मनश्री महंत, असम सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के संयुक्त निदेशक शांतनु देउरी, कुलपति के सचिव एवं जनसंपर्क अधिकारी डॉ. मृणाल ज्योति डेका, विधि अधिकारी डॉ. समीर सरकार तथा कोषाध्यक्ष सहित अन्य अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

