तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से मां और पांच वर्षीय बेटी की मौत
गुवाहाटी, 07 अगस्त (हि.स.)। गुवाहाटी के पूर्वी क्षेत्र स्थित सोनापुर के लालमाटी में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर शुक्रवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला और उसकी पांच वर्षीय बेटी की मौत हो गई। तेज रफ्तार बोलेरो ने कथित तौर पर उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
मृतकों की पहचान सोनापुर के समता पथार निवासी नीलाक्षी इंग्ती और उनकी पांच वर्षीय बेटी अदिति रांगहांग के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मां-बेटी मांस खरीदकर घर लौट रही थीं। लालमाटी में राष्ट्रीय राजमार्ग पार करने के दौरान उनकी स्कूटी (एएस-01जीयू-8951) को जोराबाट से जागीरोड की ओर जा रही बोलेरो (एएस-09जे-4494) ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

